Good News: बीकानेर से दिल्ली और जयपुर के लिए फ्लाइट सेवा फिर से शुरू! त्योहारी सीजन में यात्रियों को राहत, देखे शेड्यूल
बीकानेर शहर के नाल एयरपोर्ट से दिल्ली और जयपुर के लिए हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। लंबे समय से ठप पड़ी एलायंस एयर की बीकानेर-जयपुर-दिल्ली उड़ान सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। एलायंस एयर ने इस सेवा की आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि अब इस रूट पर नए शेड्यूल और टाइम टेबल के अनुसार उड़ान सेवा संचालित की जाएगी। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक हवाई यात्रा का अनुभव मिल सकेगा। गौरतलब है कि एलायंस एयर की उड़ानें जून-2025 के अंतिम सप्ताह से नियमित रूप से संचालित नहीं हो रही थीं। इससे न केवल स्थानीय यात्रियों, बल्कि छात्रों, व्यापारियों और पर्यटकों को भी काफी परेशानी हो रही थी। अब कंपनी ने इसे गंभीरता से लेते हुए सेवा बहाल करने का फैसला किया है।
बीकानेर से मंगलवार और गुरुवार को उड़ान सेवा शुरू होगी
एलायंस एयर की सेवा सप्ताह में दो दिन - मंगलवार और गुरुवार को संचालित होगी। मंगलवार को उड़ान संख्या 833 दिल्ली से जयपुर के लिए दोपहर 3:45 बजे रवाना होगी और शाम 4:50 बजे जयपुर पहुँचेगी। फिर जयपुर से शाम 5:15 बजे उड़ान भरकर शाम 6:30 बजे बीकानेर पहुँचेगी। उसी दिन उड़ान संख्या 834 शाम 6:55 बजे बीकानेर से जयपुर के लिए रवाना होगी, जहाँ से यह रात 8:10 बजे जयपुर पहुँचेगी। इसके बाद, यह रात 8:35 बजे जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना होगी और रात 9:40 बजे दिल्ली पहुँचेगी। गुरुवार को उड़ान संख्या 833 दोपहर 1:35 बजे जयपुर से रवाना होकर दोपहर 2:50 बजे बीकानेर पहुँचेगी। गुरुवार को ही उड़ान संख्या 834 दोपहर 3:15 बजे बीकानेर से रवाना होकर शाम 4:35 बजे जयपुर पहुँचेगी और फिर शाम 5 बजे जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना होकर शाम 6:05 बजे दिल्ली पहुँचेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा- हवाई सेवा में बीकानेर की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी
बीकानेर सांसद और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि हवाई सेवा में बीकानेर की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी। निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप, एलायंस एयर की सेवा पुनः शुरू हो रही है और भविष्य में भी बीकानेर को अन्य राज्यों से जोड़ने के प्रयास जारी रहेंगे। यह घोषणा न केवल बीकानेर के यात्रियों के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास के लिए एक सकारात्मक संकेत है। बेहतर हवाई संपर्क से बीकानेर में पर्यटन, व्यवसाय और शिक्षा नई ऊँचाइयों पर पहुँचेंगे।
बीकानेर के लिए खुलेंगे नए रास्ते
इस उड़ान के शुरू होने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि बीकानेर को राष्ट्रीय राजधानी से जुड़ने से व्यावसायिक लाभ भी होगा। उम्मीद है कि आने वाले समय में और भी उड़ानें और रूट जोड़े जाएँगे, जिससे बीकानेर का हवाई संपर्क और मज़बूत हो सकेगा।
