Aapka Rajasthan

Bikaner दिल्ली के लिए उड़ान शुरू, एयरपोर्ट पर फिर से लौटी रौनक

 
Bikaner दिल्ली के लिए उड़ान शुरू, एयरपोर्ट पर फिर से लौटी रौनक
बीकानेर न्यूज़ डेस्क, बीकानेर नाल सिविल एयरपोर्ट पर शुक्रवार को दोपहर 3.15 बजे दिल्ली से विमान बीकानेर पहुंचा। अलायंस एयर की इस फ्लाइट से चार महीने से सुनसान पड़े एयरपोर्ट पर रौनक लौट आई। लम्बे समय बाद हवाई सेवा शुरू होने से एयरपोर्ट अधिकारियों और स्टाफ ने भी यात्रियों का स्वागत किया। फीता काटकर यात्रियों का एयरपोर्ट में दिल्ली की फ्लाइट में सवार होने के लिए रवाना किया गया। करीब चार महीने पहले एक मात्र दिल्ली-बीकानेर-दिल्ली हवाई सेवा को बंद कर दिया गया था। इसके बाद एयरपोर्ट पर कार्यरत स्टाफ और रनवे पर कभी कभार कोई निजी या विशेष विमान के आगमन पर ही हलचल होती थी। यात्रियों की चहल-पहन नहीं रहने से कई तरह की सुविधाएं भी बंद पड़ी थी। अब सप्ताह में दो दिन बीकानेर-दिल्ली हवाई सेवा शुरू कर दी गई है। यात्रिभार बढ़ने पर इसे बढ़ाकर दैनिक कर दिया जाएगा।

एयरपोर्ट निदेशक सावरमल सिंगारिया ने बताया कि यात्रियों में शामिल छोटी बच्ची ने फीता काटकर यात्रियों को दिल्ली जाने वाले विमान के लिए रवाना किया। पहले दिन दिल्ली से विमान में 15 यात्री बीकानेर आए, जबकि यहां से 24 यात्री दिल्ली प्रस्थान के लिए विमान में सवार हुए। इस दौरान सुरक्षा अधिकारी वसीम उस्ता, टर्मिनल मैनेजर विवेक यादव, अलायंस एयर के प्रबंधक जोरावर सिंह मौजूद रहे। यात्रियों ने कहा कि बीकानेर से दिल्ली के लिए हवाई सेवा अच्छी शुरुआत है। ज्यादातर यात्री दिल्ली से चेन्नई, कोलकाता, मुंबई आदि महानगरों के लिए फ्लाइट लेते है। ऐसे में इन महानगरों की लिंग फ्लाइटों को बीकानेर से जोड़ा जाना चाहिए। जिससे यात्री सीधे बीकानेर से महानगरों के लिए आवागमन कर सकेंगे।