50 बीघा में फैले पाप का अंत! नाबालिग बच्चियों से रेप और 5 हत्याओं के आरोपी पुजारी का आश्रम JCB से किया ध्वस्त, जाने पूरा मामला

बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ में सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में दो नाबालिग बच्चियों को प्रसाद खिलाने के बहाने बुलाकर दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुष्कर्मी द्वारा करीब 100 बीघा चरागाह भूमि में से 50 बीघा भूमि पर किए गए निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। साथ ही चरागाह भूमि को मुक्त कराकर ग्राम पंचायत को सौंप दिया है।
पुलिस ने दुष्कर्मी पुजारी श्रीभगवान सोनी को गिरफ्तार कर लिया था। दुष्कर्मी ने दो चचेरी बहनों, जिनकी उम्र आठ और नौ साल है, के साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी दुष्कर्मी चूरू के बीदासर में पांच लोगों की हत्या के मामले में 20 साल की सजा काट चुका है। मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और मंगलवार सुबह पुलिस बल के साथ पहुंचा और अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।
50 बीघा में बना रखा था आश्रम
बलात्कारी पुजारी ने करीब 100 बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा था। इनमें से 50 बीघा जमीन पर निर्माण कर लिया गया था, जिसे पुलिस ने जेसीबी के जरिए ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार कुलदीप मीना, सीओ श्रीडूंगरगढ़ निकेत पारीक, गिरदावर रामनिवास पंड्या, पटवारी सीताराम नाई, सरपंच ओमप्रकाश सारस्वत व ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी से पक्का मकान, मंदिर का ढांचा, ढाबा, झोपड़ियां, फेंसिंग व बाड़ को ध्वस्त किया गया।
ये सामान हुआ बरामद
पुजारी के पास से सिलेंडर, फ्रिज, कूलर व हाथ से बना कुल्हाड़ीनुमा हथियार जब्त किया गया है। पुजारी को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर चालान पेश करेगी।
गांजा की खेती कर रहा था
जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सामने आया कि पुजारी अवैध रूप से गांजा की खेती भी कर रहा था। आश्रम में लगे पौधों के बीच गांजा के पौधे भी लगे हुए थे। मौके पर करीब 15 पौधे मिले। ग्रामीणों ने आश्रम में नशीली दवाओं के सेवन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि ये पौधे गांजा नहीं बल्कि भांग के हैं।