बीकानेर में साइबर गैंग का पर्दाफाश! 15 से 30 हजार में अकाउंट खरीदकर किया करोड़ों का झोलमाल, 3 आरोपी अरेस्ट

बीकानेर में पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों ने बैंक खाते किराए पर लेकर उसमें करीब 5 करोड़ रुपए की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन किया। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इन तीनों के खातों की जांच की गई, जिसके बाद गिरफ्तारियां की गईं। पूछताछ में गिरोह के सदस्यों द्वारा चलाए जा रहे ठगी के खेल का भी खुलासा हुआ।
ये लोगों के साथ साइबर ठगी की रकम और ऑनलाइन गेमिंग ब्रांच, क्रिकेट बुकी का पैसा अपने और अन्य लोगों के खातों में जमा करवा रहे थे। शुरुआत में तीनों ने अपने खाते किराए पर दिए थे। इसके बाद इनके खाते बंद होने के कारण ये दूसरों के खातों को किराए पर लेकर उनमें साइबर ठगी की रकम का लेनदेन करने लगे। ये प्रत्येक बचत खाता 15 हजार रुपए और प्रत्येक चालू खाता 30 हजार रुपए में खरीदते थे। इन खातों में करीब 5 करोड़ रुपए की अवैध रकम का लेनदेन किया गया और रकम को अन्य खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया। ये एटीएम और चेक से रकम निकालते थे। इन्होंने देशभर में कई लोगों से ठगी की है।
गिरफ्तार आरोपी राहुल सिंह के देश के विभिन्न राज्यों के विभिन्न बैंकों में 12 खातों के विरुद्ध 53 शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी मनमोहन यादव के 1 बैंक खाते के विरुद्ध 14 शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी नाहिद अली के 5 बैंक खातों के विरुद्ध 17 शिकायतें दर्ज हैं। कई शिकायतें राजस्थान से दर्ज हैं। आरोपी से खरीदे गए अन्य खातों व अपराध में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। उप निरीक्षक विशु वर्मा ने एफआईआर दर्ज की।
मामले की जांच पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार सर्वटा कर रहे हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में राहुल सिंह (34) पुत्र शशि भूषण सिंह निवासी वल्लभ गार्डन, थाना जेएनवी, मनमोहन यादव (31) पुत्र शुभराम यादव निवासी गली नंबर 01 तिलक नगर, थाना जेएनवी, सोफिया स्कूल के सामने व नाहिद अली (30) पुत्र नियाज अली निवासी रामपुरा बस्ती, थाना मुक्ता प्रसाद बीकानेर शामिल हैं।