Aapka Rajasthan

बीकानेर में सीएम की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में! कांग्रेस नेताओं ने किया काफिले में प्रवेश, तिरंगे के अपमान पर भड़के विधायक

 
बीकानेर में सीएम की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में! कांग्रेस नेताओं ने किया काफिले में प्रवेश, तिरंगे के अपमान पर भड़के विधायक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले बीकानेर आए सीएम भजनलाल शर्मा की सुरक्षा में चूक सामने आई है। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग समेत तीन नेता सीएम के काफिले में घुस गए। उन्होंने हाथों में तख्तियां दिखाते हुए भाजपा विधायक बाल मुकुंदाचार्य पर तिरंगे का अपमान करने का आरोप लगाया। 

जयपुर में सैनिकों के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा विधायक बाल मुकुंदाचार्य का तिरंगे से पसीना पोंछते हुए वीडियो सामने आया था। कांग्रेस ने आज सीएम के काफिले के दौरान भी अपना गुस्सा जाहिर किया। पीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर सीएम भजनलाल शर्मा आज बीकानेर आए हैं। वे अपने काफिले के साथ रानी बाजार ओवरब्रिज के ऊपर से गुजर रहे थे। इस दौरान भीड़ में खड़े देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर कांग्रेस महासचिव आनंद जोशी, कांग्रेस नेता श्रीकृष्ण गोदारा, अभिमन्यु हाथों में तख्तियां लेकर काफिले की ओर दौड़े। इस दौरान आनंद जोशी सबसे पहले काफिले में पहुंचे। 

जोशी ने 'सीएम साहब होश में आओ...' नारे लिखी तख्तियां दिखाईं। आमतौर पर जब भी मुख्यमंत्री आते हैं, कांग्रेस नेताओं पर नजर रखी जाती है। इस बार पुलिस की नजर रहने के बावजूद चूक हो गई। कांग्रेस नेता काफी देर तक रानी बाजार ओवरब्रिज के पास तख्तियां लेकर खड़े रहे, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जब पुलिस की नजर पड़ी तो कांग्रेस नेताओं को वहां से हटाया गया।

दो तरह की तख्तियां
कांग्रेस नेताओं ने बाल मुकुंदाचार्य की तिरंगा यात्रा की फोटो वाली तख्ती पकड़ी हुई थी। एक अन्य तख्ती पर मध्य प्रदेश के उन नेताओं की फोटो लगी थी, जिन्होंने सेना की महिला अफसरों सोफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह को लेकर टिप्पणी की थी।