Aapka Rajasthan

Bikaner अधिकतम तापमान सात डिग्री तक गिरा, गर्मी से राहत

 
Bikaner अधिकतम तापमान सात डिग्री तक गिरा, गर्मी से राहत
बीकानेर न्यूज़ डेस्क, बीकानेर सावन माह लगभग सूखा ही जा रहा है। छिटपुट छितराई बारिश के अलावा इस मौसम में बेहद कम बारिश से शहरवासी तो परेशान हो ही रहे हैं, ग्रामीण इलाकों में किसानों की पेशानी पर भी बल पड़ रहे हैं। बहरहाल, पिछले कई दिनों से चल रही मौसम की लुका-छिपी के बीच पहली बार गुरुवार को लगभग पूरे दिन दिन बादल छाए रहे। हालांकि, बरसात फिर भी नहीं हुई और इंतजार लंबा होता गया। यह जरूर रहा कि बादलों की वजह से अधिकतम तापमान में एक साथ सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

इसके साथ ही इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में महज दो डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया है। सुबह एक बार मामूली धूप निकली थी, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बादल छा गए और हवा भी सुहावनी चल पड़ी। दिन भर बादल छाए रहने से मौसम भी सुहावना बना रहा। उमस भी थोड़ा कम ही महसूस की गई। आसमान में काली घटाएं होने से तेज बरसात की उम्मीद कई बार बंधी, लेकिन कहीं-कहीं पर हल्की बूंदा-बांदी होकर रह गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में भी बीकानेर संभाग में बारिश की संभावना बनी हुई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बुधवार को यहीं तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दिन पहले यह तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।