Aapka Rajasthan

Bikaner खेजड़ी की कटाई से नाराज पर्यावरण प्रेमियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

 
Bikaner खेजड़ी की कटाई से नाराज पर्यावरण प्रेमियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

बीकानेर न्यूज़ डेस्क, बीकानेर  ग्रामीण क्षेत्रों में राज्य वृक्ष खेजड़ी की अंधाधुंध और अवैध कटाई से अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा, जीव रक्षा संस्था सहित अनेक संस्थाओं और पर्यावरण प्रेमियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने रविवार को बिश्नोई धर्मशाला में बैठक कर खेजड़ी की लगातार हो रही कटाई के विरोध में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। संस्थाओं के पदाधिकारियों ने जिला कलक्टर के व्यवहार पर नाराजगी व्यक्त की। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिला प्रशासन खेजड़ी कटाई को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो पर्यावरण प्रेमी आंदोलन करेंगे।

बैठक में मोखराम बिश्नोई, मिलन गहलोत, संतोष पड़िहार, जयसुखराम सिगड़, रामगोपाल बिश्नोई, हेतराम दिलाईया, भगवान प्रजापती, पुनीत ढाल, रिछपाल सिगड़, रामचन्द्र धारणिया, सांवरलाल भादू, रामदयाल बेनीवाल, लक्ष्मण पूनिया, सागरमल एडवोकेट, सुनील खीचड़, रामनिवास सिगड, राधे धायल, बजरंग खींचड़ आदि मौजूद रहे।

कटाई पर लगे रोक, हो गिनती व टैगिंग

जीव रक्षा संस्था के जिलाध्यक्ष मोखराम बिश्नोई ने कहा कि जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के नाम पर खेजड़ी वृक्षों को काटा जा रहा है। न्यायालय के आदेश की पालना करवाने में जिला प्रशासन उदासीनता बरत रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की शह पर वृक्षों की कटाई हो रही है। भागीरथ नंदिनी संस्था के मिलन गहलोत ने कहा कि खेजड़ी के पेड़ों की कटाई पर तुरंत रोक लगे। खेजड़ी की गिनती कर उन पर टैग लगाए जाएं। अखिल भारतीय बिश्नोई युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जयसुखराम बिश्नोई के अनुसार पेड़ कटाई को किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जाएगा।