Aapka Rajasthan

Bikaner राज्यपाल बोले, विद्यार्थी रोजगार पाने के इच्छुक बनने की जगह रोजगार देने वाले बनकर निकलें

 
Bikaner राज्यपाल बोले, विद्यार्थी रोजगार पाने के इच्छुक बनने की जगह रोजगार देने वाले बनकर निकलें

बीकानेर न्यूज़ डेस्क, राज्यपाल कलराज मिश्र शुक्रवार को यहां महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति से विश्वविद्यालय ऐसा माहौल तैयार करें कि विद्यार्थी रोजगार पाने के इच्छुक बनने की जगह रोजगार देने वाले बनकर निकलें। मिश्र ने कहा है कि याद रखे, शिक्षा जीवन के लिए तैयारी नहीं है, बल्कि शिक्षा स्वयं ही जीवन है। जब हम यह कहते है कि शिक्षा का क्या उदेश्य है तो यह समझ लेना चाहिए कि शिक्षा से ही आप दुनिया बदल सकते है। उन्होंने कहा कि स्थानीय साहित्य, कला संस्कृति के प्रकाश में विश्वविद्यालय नई पीढ़ी को दिशा दें। समारोह में 2021 पास आउट 1 लाख 26 हजार 880 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई। साथ ही इसी वर्ष विश्वविद्यालय में विभिन्न संकायों के टॉपर्स 54 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। समारोह में 39 विद्यार्थियों को विद्या-वाचस्पति की उपाधि भी प्रदान की गई।

बायोडाइवर्सिटी पार्क का लोकार्पण

समारोह के बाद राज्यपाल मिश्र ने विवि के शिव काशी द्वार और बायोडाइवर्सिटी पार्क का लोकार्पण किया। साथ ही महाराजा गंगासिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। सत्र 2022-23 के लिए विश्वविद्यालय योग विभाग की छात्रा प्रियंका को महाराजा गंगासिंह अवार्ड तथा चूरू बालिका महाविद्यालय की छात्रा निकिता लाबा को महाराजा करणी सिंह खेल अवार्ड प्रदान किया गया।

52 फीसदी छात्राओं को उपाधि

विवि कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित ने बताया कि 2021 परीक्षा में उत्तीर्ण 1 लाख 26 हजार 880 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई। इनमें 65 हजार 527 यानी 52 फीसदी छात्राएं हैं। कला संकाय की छात्रा दिव्या हर्ष को कुलाधिपति पदक एवं शिक्षा संकाय की छात्रा किरण शर्मा को कुलपति पदक प्रदान किया।

यह रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विधायक सिद्धी कुमारी, डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, जेठानंद व्यास और ताराचंद सारस्वत भी शामिल हुए। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, शिवबाड़ी महंत विमर्शानंद महाराज, विशेषाधिकारी राज्यपाल गोविंदराम जायसवाल, कुलसचिव हरिसिंह मीणा, अतिरिक्त कुल सचिव डॉ. बिठ्ठल बिस्सा, वित्त नियंत्रक अरविंद बिश्नोई, उप कुल सचिव डॉ. गिरिराज हर्ष , परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजा राम चोयल आदि मौजूद रहे।