Aapka Rajasthan

Bikaner उबलते आलू के बर्तन में गिरी बच्ची, दर्दनाक मौत

 
Bikaner उबलते आलू के बर्तन में गिरी बच्ची, दर्दनाक मौत

बीकानेर न्यूज़ डेस्क, बीकानेर शादी में खाना बनाने के लिए उबल रहे आलू के भगोने में सात महीने की बच्ची गिर गई। हादसे में बच्ची की मौत हो गई। आठ साल की बच्ची ने उसे गोद में ले रखा था। पैर लड़खड़ाने से हाथ से उछल गई और भगोने में गिर गई। हादसे में दूसरी बच्ची भी झुलस गई। हादसा बीकानेर से करीब 45 किमी दूर गजनेर के अगनेऊ गांव में सोमवार शाम का है। झुलसी बच्चीको बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती है।

बैलेंस बिगड़ने पर पैर लड़खड़ाया, बच्ची गिरी

जानकारी अनुसार अगनेऊ गांव में रहने वाले रामदेव के बेटों की शादी थी। शादी में नाते-रिश्तेदार और पड़ोसी आए हुए थे। खाना बनाने के लिए घर में ही हलवाई लगे हुए थे। अंकिता (8) और सात महीने की तनुजा पुत्री गौरीशंकर नाई भी बींझरवाली गांव से अपने परिवार के साथ शादी में पहुंची थी। अंकिता अपनी गोद में तनुजा को लेकर घूम रही थी। इस दौरान वे खाना बनाने वाली जगह पर पहुंच गई। एक बड़े भगोने में आलू को उबाला जा रहा था। इस दौरान अचानक अंकिता का बैलेंस बिगड़ गया और पैर लड़खड़ा गया। वह संभलती इतने में ही छोटी बच्ची तनुजा उसके साथ छिटक गई और उबलते आलू के भगोने में गिर गई।

80 फीसदी झुलस गई थी बच्ची

गर्म पानी अंकिता के ऊपर भी आकर गिर गया। चीख-पुकार मचते ही सब लोग बच्चियों को बचाने भागे। हलवाईयों ने दोनों बच्चियों को उठाया। इसके बाद परिवार के लोग दोनों को पीबीएम हॉस्पिटल लेकर गए। सात महीने तनुजा 80 फीसदी झुलस गई थी। उसके पूरे शरीर की चमड़ी उतर गई थी। नन्ही सी बच्ची की जलने से मौत हो गई। वहीं अंकिता का हाथ झुलसा, उसका इलाज चल रहा है। सात महीने की बच्ची तनुजा अपनी मां के साथ शादी में आई थी। तनुजा के दादा ईश्वरराम अपने दोहितो का भात भरने के लिए अगनेऊ गांव आए थे। इस दौरान हादसा हो गया। घटना के बाद विवाह के माहौल में मातम छा गया।