Aapka Rajasthan

Bhilwara नवल को माहेश्वरी समाज सेवा रत्न से किया गया सम्मानित

 
Bhilwara नवल को माहेश्वरी समाज सेवा रत्न से किया गया सम्मानित 

भीलवाड़ा न्यूज़ डेस्क, अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी दम्पति क्लब जिला शाखा की ओर से महेश नवमी महोत्सव के तहत रविवार को क्लब कार्यालय में आयोजित सादे समारोह में माहेश्वरी समाज सेवा रत्न सम्मान-2024 पुष्पेन्द्र नवल को प्रदान किया गया। समारोह की अध्यक्षता क्लब की राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडानी ने की। यह सम्मान क्लब की राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुमन सुरेश सोनी के मुख्य आतिथ्य एवं जिला अध्यक्ष डॉ. चेतना सुनील जागेटिया के विशिष्ट आतिथ्य में प्रदान किया गया।

इस अवसर पर पुष्पेन्द्र नवल की धर्मपत्नी वरिष्ठ अध्यापिका अमिता नवल का भी सम्मान किया गया। नवल ने वर्ष 1992 में श्री माहेश्वरी स्पोर्ट्स क्लब की स्थापना कर 250 से अधिक माहेश्वरी युवाओं का नेतृत्व किया तथा वर्ष 2016 तक समाज के महेश नवमी महोत्सव पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में मुख्य प्रभारी की भूमिका निभाई।

उन्होंने स्वयं राजस्थान राज्य खेल समन्वयक के रूप में अखिल भारतीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व किया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुमन सुरेश सोनी ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव अनिता डॉ. अशोक सोडाणी के नेतृत्व में देशभर में 130 शाखाओं के माध्यम से अब तक माहेश्वरी समाज के अनेक लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया जा चुका है। जिला अध्यक्ष डॉ. चेतना सुनील जागेटिया ने माहेश्वरी समाज सेवा रत्न सम्मान-2024 पत्र का वाचन किया।