Aapka Rajasthan

Bharatpur राज्यमंत्री के क्षेत्र में रोडवेज बसों का टोटा, डग्गेमार वाहन वसूल रहे ज्यादा किराया

 
Bharatpur राज्यमंत्री के क्षेत्र में रोडवेज बसों का टोटा, डग्गेमार वाहन वसूल रहे ज्यादा किराया
भरतपुर न्यूज़ डेस्क, भरतपुर कामां विधायक एवं शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान के क्षेत्र में रोडवेज बसों के अभाव के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पहले 24 बसे चलती थी। कोरोना के बाद से 12 बसों को बंद कर दिया गया है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोहागढ़ आगार प्रबंधक एवं रुट संचालकों की मनमर्जी के चलते भरतपुर स्टैंड से सुबह 6.15 बजे पहाड़ी लोकल बस, सुबह 7.15 कामां- भरतपुर लोकल, 8 बजे कोसी लोकल, 11.20 जुरहरा कामां-कोसी लोकल बस को बंद कर रखा है। भरतपुर से नोनेरा ग्रामीण बस पिछले चार साल से बंद पड़ी है। कामां से शाम 4.30 बजे के बाद भरतपुर जाने के लिए कोई भी रोडवेज बस नहीं है। कामां रोडवेज स्टैंड के टाइमकीपर धर्मवीर ने बताया कि बसों के अभाव में 12 बसों को बंद कर दिया है। डग्गेमार वाहन डेढ़ गुणा किराया ज्यादा वसूल कर रहे है।


कामां से डीग, कामां से कोसी, कामां से पहाड़ी होने को तो 23 किलोमीटर का सफर है, लेकिन तीनों ही रुटो पर डग्गेमार वाहन चालक अलग-अलग किराया वसूल करते हैं। कामां से कोसी के 50 रुपए, डीग के 40 रुपए तथा पहाड़ी का 35 रुपए किराया वसूल किया जा रहा है। जबकि रोडवेज बसों का किराया 25 रुपए निर्धारित है। इसमें महिला यात्री का 17 रुपए किराया लगता है। नई बसों की खरीद और अनुबंध पर लेने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। जल्द ही बसें मिलने की उम्मीद है। इन बसों को बंद रूटों पर चलाया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री बजट घोषणा के अंतर्गत ग्रामीण परिवहन बस सेवा के क्लस्टर बना लिए गए हैं। यहां भी जल्द ही बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।

रोडवेज के नाम पर यहां से मात्र एक बस संचालित है। जुरहरा से सुबह 4.45 बजे रोडवेज की एक बस भरतपुर होते हुए जयपुर जाती है, जो रात को वापस 10 बजे जुरहरा पहुंचती है। रोडवेज द्वारा 80 किमी का सफर चार घंटे में तय किया जाता है, साथ ही पहाड़ी से भरतपुर का किराया 90 रु. लिया जाता है। वही डग्गेमार वाहनों द्वारा पहाड़ी से कामां का 22 किमी का सफर कराने पर यात्रियों से 50 रु. वसूले जाते है। पहाड़ी से भरतपुर जाने के लिए मात्र एक बस लगी हुई है, जो सुबह 6 बजे चली जाती है। सीकरी से भरतपुर जिला मुख्यालय के लिए रोडवेज की एक भी बस नहीं है। इससे लोग परेशान है। हालांकि हरियाणा रोडवेज की एक बस भरतपुर दिल्ली वाया सीकरी होकर चलती हैं। जो सुबह साढ़े चार बजे चलती है और शाम को पांच बजे भरतपुर वापस जाती है।