Aapka Rajasthan

भरतपुर के पूंछरी में CM भजनलाल का होली उत्सव, फूलों की होली खेलकर लिया बृज रस का आनंद

 
भरतपुर के पूंछरी में CM भजनलाल का होली उत्सव, फूलों की होली खेलकर लिया बृज रस का आनंद

भरतपुर न्यूज़ डेस्क - होली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को भरतपुर के पूंछरी का लौठा पहुंचे और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने बृज क्षेत्र की पारंपरिक फूलों की होली खेली और आमजन पर पुष्प वर्षा कर इस पर्व को धूमधाम से मनाया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने परिवार के साथ मुकुट मुखारविंद और श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। उन्होंने गिरिराज महाराज की तलहटी में स्थित मुकुट मुखारविंद मंदिर में दुग्धाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर महंत ने मुख्यमंत्री का माल्यार्पण कर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सरीला जी मंदिर में पूजा-अर्चना कर बाल भोग भी ग्रहण किया।

कलाकारों के साथ ढोल बजाकर मनाई होली
इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीनाथ मंदिर परिसर में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं के होली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान बृज के कलाकारों द्वारा मयूर नृत्य और बम रसिया की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। मुख्यमंत्री ने कलाकारों के साथ फूलों की होली भी खेली और ढोल बजाकर इस रंगारंग त्यौहार का आनंद लिया।

आम लोगों के साथ खेली फूलों की होली
मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भी फूलों की होली खेली और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल उत्साह और रंगों से सराबोर रहा। इस अवसर पर उनके साथ गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम भी मौजूद रहे।

बृज क्षेत्र की होली के रंग में रंगे सीएम
आपको बता दें कि भरतपुर के पूंछरी का लौठा में होली का यह त्यौहार पारंपरिक तरीके से मनाया गया, जहां मुख्यमंत्री पूरी तरह से बृज की होली के रंग में रंग गए। उन्होंने होली मिलन समारोह में मौजूद सभी लोगों से गर्मजोशी के साथ मुलाकात की और प्रदेश में सद्भावना, सुख-समृद्धि की कामना की।