11 KV बिजली का तार टूटकर गिरा, बुजुर्ग की करंट लगने से मौत
गढ़ी बाजना थाना क्षेत्र के चंदोलपुरा गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बिजली के तार की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने के कारण हुआ।जानकारी के अनुसार, सुबह के समय बुजुर्ग किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अचानक 11 केवी का बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से उन्हें तेज करंट लग गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंचे ग्रामीण, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग को जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जर्जर बिजली तारों के कारण क्षेत्र में हादसे का खतरा बना रहता है।पुलिस और बिजली विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों और बिजली लाइन की स्थिति की भी पड़ताल की जाएगी।
