Aapka Rajasthan

Bharatpur भुसावर में भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली गई

 
Bharatpur भुसावर में भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली गई

भरतपुर न्यूज़ डेस्क, भुसावर कस्बे में भगवान परशुराम की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस कार्यक्रम में भगवान परशुराम का पंचतत्वों से अभिषेक किया गया तथा ब्राह्मण समाज के गणमान्य नागरिकों का स्वागत व सम्मान किया गया। बैंड-बाजों के साथ कस्बे के विभिन्न मार्गों से शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सजी-धजी झांकियों के माध्यम से सामाजिक संदेश दिए गए। क्षेत्रवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। ब्राह्मण समाज द्वारा अध्यक्ष कृष्ण गोपाल पांडे के नेतृत्व में भगवान परशुराम शोभा यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

मंत्रोच्चार के साथ भगवान परशुराम का पंचतत्वों से अभिषेक किया गया तथा मनोकामनाएं मांगी गईं। मां काली की विशेष पूजा-अर्चना कर विश्व शांति की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में आए वरिष्ठ समाजसेवी, पूर्व सांसद पंडित रामकिशन व बबीता शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया गया। दर्जनों वक्ताओं ने समाज में एकता का संदेश देते हुए आपसी भाईचारे के साथ रहने की बात कही। पंडित रामकिशन ने सम्मान पाकर आभार जताया तथा कहा कि बेटियों पर बढ़ते अत्याचार मन को दुखी कर रहे हैं। बेटियों के सम्मान में ब्राह्मण समाज को अग्रणी बनना होगा। उन्होंने समाज से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आकर पहल करने की अपील भी की।

ब्राह्मण धर्मशाला व भगवान परशुराम मंदिर परिसर से बैंड बाजे के साथ शोभायात्रा शुरू हुई। मुख्य अतिथि पंडित रामकिशन ने भगवान परशुराम की विशेष पूजा अर्चना कर शोभायात्रा को रवाना किया। शोभायात्रा कस्बे के चपटा, छोकरवाड़ा रोड, बस स्टैंड, हिंडौन रोड, भगवान परशुराम मंदिर, चौर का मंदिर, कानूनगो कॉलोनी, पुरानी अनाज मंडी, मुख्य बाजार व सर्राफा बाजार से होते हुए पुन: कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। जगह-जगह सभी समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा, आरती व जलपान के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया।