Aapka Rajasthan

बाड़मेर में दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से सरपंच सहित दो युवकों की मौत

 
बाड़मेर में दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से सरपंच सहित दो युवकों की मौत

जिले के शिव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-68 पर एक भीषण सड़क हादसे में कानासर सरपंच लक्ष्मण प्रसाद (25) और उनके चचेरे भाई लक्ष्मण राम (25) की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उनका दोस्त उम्मेदाराम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक किसी कार्य से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही शिव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। वहीं घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। युवा सरपंच लक्ष्मण प्रसाद की असमय मृत्यु से गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। फिलहाल, इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।