Aapka Rajasthan

बढती गर्मी और हीटवेव ने बाड़मेर जिले में मचाया आतंक! 45 डिग्री पार पहुंचा तापमान, इस दिन मौसम विभाग ने जारी किया औरेंज अलर्ट

 
बढती गर्मी और हीटवेव ने बाड़मेर जिले में मचाया आतंक! 45 डिग्री पार पहुंचा तापमान, इस दिन मौसम विभाग ने जारी किया औरेंज अलर्ट 

बाड़मेर में भीषण गर्मी का कहर जारी है। तापमान एक बार फिर 45 डिग्री के पार हो गया है। मंगलवार को सुबह से ही सूरज की तीखी धूप से लोग झुलस रहे हैं। भीषण गर्मी और लू ने लोगों की दिनचर्या बदल दी है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने 18 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में बाड़मेर सबसे गर्म रहा है। बाड़मेर जिले में 3 दिन तक गर्मी से राहत के बाद अब अचानक भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 10 अप्रैल से मौसम बदल गया था। आंधी और बादल छाने से तापमान में गिरावट आई, लेकिन महज 4 दिन में ही तापमान 6 डिग्री बढ़कर 45.4 डिग्री पर पहुंच गया है। इस माह के 14 दिन में तीसरी बार पारा 45 डिग्री के पार पहुंचा है। अब तक का रिकॉर्ड पारा 8 अप्रैल को 46.4 डिग्री दर्ज किया गया था। इस साल रेगिस्तान में गर्मी सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है।

गर्मी के थपेड़ों से लोग परेशान
भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से जनजीवन प्रभावित है। स्थिति यह है कि दोपहर में सड़कें और दुकानें खाली हो जाती हैं। लू और गर्मी के कारण लोग दोपहर में घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। भीषण गर्मी लोगों को पसीने से तरबतर कर रही है। सूरज की तपिश के कारण सुबह से ही गर्म हवा का दौर शुरू हो जाता है। दोपहर में हवा इतनी गर्म होती है कि बिना हाथ-मुंह ढके दोपहिया वाहन से गुजरना मुश्किल हो जाता है। लू के थपेड़ों से ऐसा लगता है जैसे आप किसी भट्टी के पास से गुजर रहे हों। लोगों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी भीषण गर्मी से परेशान हैं।

बाड़मेर में पारा सामान्य से 6 डिग्री अधिक, तापमान 45.4 पर पहुंचा
सोमवार को राजस्थान में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह औसत तापमान से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सुबह 11 बजे तक पारा 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और लू चलने लगी। बीती रात बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

18 तारीख से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज लू के लिए येलो अलर्ट और 16-17 तारीख को लू के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। 18 तारीख से मौसम बदलने पर गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।