Rajasthan Diwas 2025: सीएम भजनलाल ने महिलाओं के लिए खोला सरकारी खजाना, 375 करोड़ सीधे खातों में

बाड़मेर न्यूज़ डेस्क - बाड़मेर में राजस्थान दिवस कार्यक्रमों का शुभारंभ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने महिला सम्मेलन कार्यक्रम के साथ किया। मुख्यमंत्री ने 07 विभागों की 11 योजनाओं का शुभारंभ किया। इन योजनाओं के तहत महिलाओं के खातों में 375 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए। मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि महिलाओं के बिना देश का विकास नहीं हो सकता। भारत की बेटियां हवाई जहाज उड़ाने में सबसे आगे हैं, यह गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद एक साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। पेपर माफिया को एक-एक कर सलाखों के पीछे डाला जा रहा है। युवा तैयारी में जुट जाएं, सरकार खूब भर्तियां ला रही है। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र में जो भी वादे किए गए हैं, उन्हें एक-एक करके पूरा किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कार्यक्रम में महिलाओं की मौजूदगी पर कहा कि बाड़मेर में कार्यक्रम को लेकर आशंका थी लेकिन महिलाओं ने यहां इतिहास रच दिया है। इतना बड़ा कार्यक्रम पहले कभी नहीं हुआ होगा। उन्होंने महिलाओं के लिए हर संभव प्रयास करने की बात कही। कार्यक्रम में मंत्री जोराराम कुमावत, केके विश्नोई मौजूद रहे।
इन 11 योजनाओं का हुआ शुभारंभ
1. लाडो प्रोत्साहन योजना: 30 हजार बालिकाओं को 7.50 करोड़ रुपए
2. महिला समूह: 100 करोड़ रुपए की सीआईएफ राशि हस्तांतरित
3. इंडक्शन कुक टॉप: 3 हजार महिलाओं को वितरण
4. कालीबाई भील योजना: 5 हजार छात्राओं को स्कूटी
5. गार्गी पुरस्कार, बालिका प्रोत्साहन राशि और मुख्यमंत्री हमारी बेटियां योजना: 31 हजार 790 बालिकाओं के खातों में 13.16 करोड़ रुपए हस्तांतरित
6. विवेकानंद छात्रवृत्ति: मेधावी छात्राओं को राशि स्वीकृत
7. एलपीजी सब्सिडी: 1.10 करोड़ महिला प्रधान परिवारों को 200 करोड़ रुपए
8. टेक होम राशन: 15 ग्राम से 25 ग्राम दूध
9. 36 कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए लाइब्रेरी
10. बर्तन बैंक: 1000 ग्राम पंचायतों को राशि जारी