पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन की तैयारियां तेज, 21 अप्रैल को पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण
राजस्थान की बहुप्रतीक्षित पचपदरा रिफाइनरी परियोजना के उद्घाटन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को इस रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे, जिसे राज्य के औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
उद्घाटन से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को बाड़मेर के उतरलाई एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से पचपदरा के लिए रवाना होंगे, जहां वे परियोजना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, जनसभा स्थल और वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं।
पचपदरा रिफाइनरी को राजस्थान की सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है, जिससे न केवल राज्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। यातायात व्यवस्था, सुरक्षा घेरा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष प्लान तैयार किया गया है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में उद्घाटन को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग इस ऐतिहासिक परियोजना के शुभारंभ का इंतजार कर रहे हैं।
