Aapka Rajasthan

Barmer विप्र समाज के युवा केसरिया पगड़ी और दुपट्टा पहनकर बाइक पर निकले

 
Barmer विप्र समाज के युवा केसरिया पगड़ी और दुपट्टा पहनकर बाइक पर निकले

बाड़मेर न्यूज़ डेस्क, भगवान परशुराम की जयंती अक्षय तृतीया के अवसर पर बाड़मेर शहर में मां रन्नाडे कुंज जोशी के निवास से शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा में समाज के लोग केसरिया पगड़ी पहनकर बाइक लेकर शामिल हुए। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर लोगों का स्वागत किया गया.

इस दौरान भगवान परशुराम की जयकार होती रही। बाइक रैली में महिलाएं व युवतियां केसरिया पगड़ी पहनकर शामिल हुईं। इससे पहले गुरुवार रात को चौक में परशुराम प्रतिमा के समक्ष 108 दीपकों से महाआरती की गई। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया।

दरअसल, राजस्थान ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में शुक्रवार को भगवान परशुराम जयंती पर शोभा यात्रा निकाली गई. नगर अध्यक्ष ललित जोशी के अनुसार सुबह 9 बजे मां रन्नाडे कुंज जोशी निवास से भगवान परशुराम की मूर्ति के साथ जुलूस (बाइक रैली) रवाना हुआ। पुलिस तनसिंह सर्किल, पांच बत्ती चौराहा, कब्रिस्तान के पास से कोतवाली, स्टेशन रोड, अहिंसा सर्किल, विवेकानन्द सर्किल होते हुए भगवान परशुराम चौक पहुंची। वहां प्रसाद वितरण के साथ इसका विसर्जन किया गया।

विप्र फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष किशोर जोशी ने बताया कि स्थानीय परशुराम चौक पर भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पालीवाल एवं विप्र फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष एडवोकेट गोपाल सिंह राजपुरोहित की उपस्थिति में रात्रि 8 बजे भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष 108 दीपकों से महाआरती का आयोजन किया गया। विफा महासचिव जयप्रकाश व्यास ने बताया कि महाआरती के बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया. जिसमें रजनीकांत शर्मा, कालू शर्मा एवं कैलाश ठाकुर की उपस्थिति में एक के बाद एक भजन प्रस्तुत किये गये।