Aapka Rajasthan

Barmer उमस ने लोगों का हाल बेहाल किया, तूफान का अलर्ट

 
Barmer उमस ने लोगों का हाल बेहाल किया, तूफान का अलर्ट

बाड़मेर न्यूज़ डेस्क, रेगिस्तानी जिले बाड़मेर में पिछले दो दिन से बारिश और तेज हवाओं का दौर चल रहा है। बीती शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे रात को मौसम सुहाना हो गया। गर्मी से राहत मिली। रविवार सुबह से ही हवाएं थमी रहीं। उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 41 डिग्री के आसपास है। वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह से प्री-मानसून बारिश शुरू होने की संभावना है। दरअसल रेगिस्तान में मौसम बार-बार बदल रहा है। शुक्रवार को पाकिस्तान की ओर से आए तेज रेतीले तूफान के बाद शनिवार को भी तूफान से जनजीवन प्रभावित रहा।

शनिवार को सुबह से ही तेज हवाओं के साथ गर्मी और उमस से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए। शाम पांच बजे अचानक मौसम बदला और पहले धूल भरी आंधी चली। इससे कई इलाकों में पेड़-पौधे, बिजली के खंभे गिर गए। आंधी के साथ ही पूरे शहर में ब्लैकआउट हो गया। इसके बाद तेज बौछारों के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। इससे सड़कें पानी से लबालब हो गईं। आसमान में काले बादल छा गए और बिजली चमकने व गड़गड़ाहट की आवाजें सुनाई देने लगीं। शनिवार को बाड़मेर जिले के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ राहत की बौछारें पड़ीं। दिनभर गर्मी व उमस के बाद शाम को अचानक हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है।