बाड़मेर में बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान से आई 5 किलो क्रिस्टल ड्रग बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पाकिस्तान से आई 5 किलो क्रिस्टल ड्रग (एमडी) की खेप पकड़ी है और इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य आरोपी को पूछताछ के बाद डिटेन किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह ड्रग सीमा पार से तस्करी के जरिए भेजी गई थी और इसे स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने की योजना थी। अधिकारियों का दावा है कि इस तरह की क्रिस्टल ड्रग पहली बार इस इलाके में बरामद की गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में भी सतर्कता बढ़ गई है।
गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को दबोचा और उनके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हो सकता है, जिसकी कड़ियां पाकिस्तान से जुड़ी हुई बताई जा रही हैं।पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग की सप्लाई किन-किन राज्यों में की जानी थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार से होने वाली नशे की तस्करी को रोकने के लिए निगरानी और सख्ती और बढ़ाई जाएगी। साथ ही, स्थानीय स्तर पर भी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के प्रयास किए जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
