Aapka Rajasthan

Banswara केंद्रीय मंत्री जोशी और गुजरात के पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल पहुंचे बेणेश्वर, ली बैठक

 
Banswara केंद्रीय मंत्री जोशी और गुजरात के पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल पहुंचे बेणेश्वर, ली बैठक

बांसवाड़ा न्यूज़ डेस्क, बांसवाड़ा परिवर्तन यात्रा के साथ भाजपा प्रदेश में चुनावी बिगुल फूंकेगी। पहली यात्रा सवाईमाधोपुर से शुरू करने के अगले ही दिन 3 सितंबर को वागड़ के आस्था केंद्र बेणेश्वर से दूसरी परिवर्तन यात्रा का आगाज होगा। 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस पर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी ने प्रदेश में चुनावी अभियान की शुरूआत की तो अब भाजपा भी बेणेश्वर धाम से परिवर्तन यात्रा की शुरूआत करने जा रही है। 3 सितंबर को बेणेश्वर धाम पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी यात्रा की शुरूआत करेंगे। यह यात्रा मुख्य रूप से उदयपुर, बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों में जाएगी। इस यात्रा की तैयारियों को लेकर बेणेश्वर धाम पर बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ जिले की संयुक्त बैठक रखी गई। जिसमें केंद्रीय मंत्री एवं राजस्थान चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी और गुजरात के पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल, संभाग प्रभारी दामोदर अग्रवाल, सह प्रभारी सवलरम देवासी, प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल मौजूद रहे। शाह के इस दौरे का मकसद बांसवाड़ा और उदयपुर संभाग की 16 सीटों पर पार्टी को मजबूत करना है।

धाम पर हुई बैठक में यात्रा का रुट तय किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष लाभचंद पटेल ने बताया कि 3 सितंबर से बेणेश्वर धाम से परिवर्तन यात्रा शुरू होगी। यात्रा का हर विधानसभा में स्वागत होगा और जिला स्तर पर एक सभा होगी। बांसवाड़ा जिले में यात्रा का प्रवेश 4 सितंबर को दोपहर 12.15 बजे अगरपुरा माही पुल पर होगा। जहां से यात्रा गढ़ी विधानसभा के मोर, बोरी, अंजना होते हुए अरथूना में दोपहर 2 बजे पहुंचेगी। बैठक में उदयपुर संभाग के प्रभारी दामोदर अग्रवाल सह प्रभारी सावलाराम देवासी, जिला प्रभारी दिनेश भट्ट, सांसद, विधायक हरेंद्र निनामा, पूर्व मंत्री भवानी जोशी, धनसिंह रावत, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हकरू मईडा, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत पुरी, जिपस राजेश कटारा, लीला पडियार समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ व उदयपुर जिले से सबसे नजदीकी होने के कारण बेणेश्वर राजनीतिक दलों के लिए चुनावी मंच का रूप लेता जा रहा है। बेणेश्वर के धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकास करने की अपार संभावनाएं हैं। पूर्व में यहां पर पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस से राहुल गांधी, सीएम अशोक गहलोत समेत कई दिग्गजों नेताओं की सभाएं हो चुकी हैं। यहां पर हाल ही में राज्य सरकार ने विकास के लिए 100 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। इसके अलावा 136 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण हो रहा है। बेणेश्वर के जरिए राजनीतिक दल वोट बैंक को साध रहे हैं क्योंकि डूंगरपुर, बांसवाड़ा में करीब 70 फीसदी आदिवासी मतदाता है। भाजपा ने परिवर्तन यात्रा के जरिए डूंगरपुर-बांसवाड़ा की 9 सीट समेत वागड़-मेवाड़ की 16 सीटों पर फोकस किया है। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री ने संत मावजी महाराज के चौपड़ों का अवलोकन भी किया।