चेन स्नेचिंग मामले में किराएदार गिरफ्तार, भरोसे को तोड़कर महिला की चेन उड़ाई

बाँसवाड़ा न्यूज़ डेस्क - कलिंजरा पुलिस ने बागीदौरा में चेन स्नेचिंग का मामला सुलझा लिया है। आरोपी सौरभ कटारा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से चेन बरामद कर ली गई है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए है। घटना 5 मार्च सुबह 5:20 बजे की है। रविंद्र पाटीदार की मां कोडरी घर से गोबर फेंकने जा रही थी, तभी अज्ञात व्यक्ति आया और उसके गले से 10 ग्राम व 12 ग्राम वजन की दो सोने की चेन छीनकर भाग गया।
पीड़ित परिवार ने 8 मार्च को कलिंजरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर जांच तेज कर दी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेश भारद्वाज व उपाधीक्षक संदीप सिंह शक्तावत के निर्देशन में टीम ने क्षेत्र में पूछताछ की। आसपास के किराएदारों की जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि रविंद्र के मकान में किराए पर रहने वाला सौरभ कटारा घटना के बाद से गायब है।
तकनीकी सहायता से सौरभ की तलाश की गई। कई जगह दबिश देने के बाद उसे पकड़ लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पैसों की जरूरत के चलते उसने चेन चुराई थी और कुछ समय बाद उसे बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी से दोनों चेन बरामद कर ली हैं। टीम के राजेश कुमार, कैलाश चंद्र, अविनाश, कौशल, गैबी लाल, हनुमान सिंह और विजेश कुमार ने आरोपी का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने में मदद की।