Aapka Rajasthan

बांसवाड़ा में लेपर्ड से दहशत! कुत्तों से डरकर झाड़ियों में छिपा खूंखार शिकारी, इलाके में वन-विभाग का अलर्ट

 
बांसवाड़ा में लेपर्ड से दहशत! कुत्तों से डरकर झाड़ियों में छिपा खूंखार शिकारी, इलाके में वन-विभाग का अलर्ट 

रिहायशी इलाके में आए तेंदुए को आवारा कुत्तों ने दौड़ा लिया। चार कुत्तों ने गली में घुसते देखा तो भौंकते हुए तेंदुए के पीछे दौड़े। शोर सुनकर यहां काम कर रहे मजदूरों ने तेंदुए को देखा और उन्हें सूचना दी। सीसीटीवी में कैद यह पूरा नजारा देखने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने वन विभाग को फोन कर सूचना दी। वन विभाग पिछले 5 घंटे से तेंदुए की तलाश कर रहा है।

बांसवाड़ा की श्रीजी कॉलोनी में शनिवार सुबह 8:45 बजे यह घटना हुई
जानकारी के अनुसार तेंदुआ कॉलोनी से 500 मीटर दूर स्थित श्यामपुरा वन क्षेत्र से आया था। कॉलोनीवासियों ने बताया कि सुबह करीब 8:45 बजे कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। आमतौर पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद यहां निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूरों ने तेंदुए को देखा। उन्होंने आकर कॉलोनीवासियों को सूचना दी। फिलहाल तेंदुआ कॉलोनी के पास से गुजर रहे नाले की झाड़ियों में छिपा होने की संभावना है। ऐसे में वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से बाहर न निकलने की अपील की है।

वन अधिकारी बोले- तलाश जारी है
रेंजर संतोष डामोर ने बताया- सुबह कॉलोनीवासियों ने तेंदुए के मूवमेंट की सूचना दी थी। इसके बाद जब वे यहां पहुंचे तो बताया कि तेंदुआ कॉलोनी के दूसरी तरफ बने नाले की झाड़ियों में छिपा है। हो सकता है कि तेंदुआ शिकार की तलाश में रास्ता भटक गया हो। यह मूल रूप से श्यामपुरा वन क्षेत्र से आया था। अभी तक हमने करीब 4 किमी तक तलाश की है और कहीं नजर नहीं आया।

गर्मी के कारण हमने तलाश रोक दी है। लेकिन कर्मचारियों को तैनात कर दिया है। लोगों को भी बाहर न निकलने की हिदायत दी है। जल्द ही इसे ट्रैंकुलाइज कर वन क्षेत्र में छोड़ने को कहा जाएगा। शाम को फिर से तलाश शुरू होगी। श्यामपुरा वन क्षेत्र शहर के नजदीक है, जहां माही कॉलोनी क्षेत्र में कई बार तेंदुए का मूवमेंट हो चुका है। श्रीजी कॉलोनी में पहली बार तेंदुए का मूवमेंट देखा गया है।