Aapka Rajasthan

Banswara श्रीफल होम के साथ विष्णुयाग का समापन पर वनेश्वर महादेव परिसर में गूंजे मंत्र

 
Banswara श्रीफल होम के साथ विष्णुयाग का समापन पर वनेश्वर महादेव परिसर में गूंजे मंत्र

बांसवाड़ा न्यूज़ डेस्क, बांसवाड़ा  स्वामी रामानन्द सरस्वती वेद पाठशाला के साधकों की ओर से मुख्य संचालक पं. हर्षवर्धन व्यास के मार्गदर्शन में अधिक मास अन्तर्गत विष्णुयाग अनुष्ठान बुधवार रात श्री वनेश्वर महादेव परिसर में श्रद्धा-भक्तिपूर्वक सम्पन्न हुआ। चार दिवसीय विष्णुयाग में श्रीफल से यज्ञ की पूर्णाहुति यजमान सुशील त्रिवेदी व परिवार ने की। इस अवसर पर गौ संत रघुवीरदास महाराज ने विष्णुयाग के श्री विग्रहों एवं पुरुषोत्तम मण्डल के दर्शन किए। साथ ही कहा कि वागड़ में इस प्रकार के अनुष्ठानों की निरन्तरता से दैवीय एवं दिव्य परिवेश को ऊर्जा प्राप्त होती है।

पूर्णाहुति अनुष्ठान भावेश पंड्या एवं प्रदीप भट्ट के आचार्यत्व में यजमान परिवार ने किया। आवाहित देवताओँ के षोडशोपचार पूजन, भगवान पुरुषोत्तम के त्रिंशोपचार पूजन, विष्णु मूलमंत्र से भगवान को तुलसीदल अर्पण किए। अग्नि देव पूजन, पुरुषसूक्त, श्रीसूक्त की वैदिक ऋचाओं के साथ विष्णु मंत्रों से आहुतियों, पुरुष सूक्त एवं श्रीसूक्त के 2100 पाठ के साथ पुरुषोत्तम मंत्र. के सवा लक्ष जप और मूल मंत्र से 111 दीप प्रज्वलन आदि के अनुष्ठान हुए। मुख्य संचालक पं. व्यास, कौशल पण्ड्या एवं प्रणव पण्ड्या ने बताया कि श्रावण मास में अतिरूद्र का वृहत् अनुष्ठान किया जाएगा।

इस अवसर पर अधिक मास अनुष्ठान एवं विष्णुयाग में सहयोग के लिए हर्षित व्यास, रौनक जोशी, निमित्त जोशी, हिरेन जोशी, कुलदीप जोशी, जय राणा, भव्य उपाध्याय, संकेत भट्ट, सत्येंद्र व्यास, किशोर शर्मा, रितिक जोशी, कुमुदिनी त्रिवेदी, भारती त्रिवेदी, हंसा पंड्या, आशा द्विवेदी, निरुपमा पंड्या, निनाद त्रिवेदी, केयूर त्रिवेदी व मनीष त्रिवेदी का बहुमान किया गया। पूर्णाहुति पर संरक्षक मंडल सदस्य जयप्रकाश पंड्या सहित धार्मिक मण्डलों, संस्थाओं के प्रतिनिधि व श्रद्धालु उपस्थित रहे। आभार सुभाष भट्ट ने व्यक्त किया।