Aapka Rajasthan

Banswara प्रतिबंध के बावजूद पैक्स खिलाड़ियों को पॉलीथिन की थैलियों में पेकिंग कर परोस रहे गर्म खाना

 
Banswara प्रतिबंध के बावजूद पैक्स खिलाड़ियों को पॉलीथिन की थैलियों में पेकिंग कर परोस रहे गर्म खाना

बांसवाड़ा न्यूज़ डेस्क, बांसवाड़ा  पॉलीथिन का उपयोग बंद है। पर, यहां राजीव गांधी ग्रामीण खेल प्रतियोगिता के दौरान गरमा-गरम भोजन की पैकिंग करने में पॉलीथिन का उपयोग धड्ल्ले से किया जा रहा है। वहीं गर्म भोजन पैकिंग से खिलाड़ियों की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका है। यह खेलकूद गुरु गोविंद स्कूल के खेल मैदान एव छाजा गांव में चल रहे हैं। यहां भोजन को लेकर व्यवस्थाएं चौपट हैं। यहां भोजन पॉलीथिन में पैकिंग कर टीम प्रभारी को प्रति खिलाड़ी के हिसाब से 6 पुडी और सब्जी दी जा रही है।

इसी प्रकार छाजा गांव के कथरिया के खेल मैदान में 350 खिलाड़ियों को भी दिए जाने वाला गर्म भोजन प्लास्टिक में पैकिंग कर टेम्पो के माध्यम से भिजवाया जा रहा है। ब्लॉक आनन्दपुरी के आस पास के करीब एक हजार से पंद्रह सौ खिलाड़ियों का भोजन एक ही जगह गुरु गोविंद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से सप्लाई किया जा रहा है। इधर, डॉ. जिमेश पंडॺा ने बताया कि पॉलीथिन में पैक गर्म भोजन खाने से कैंसर जैसे गंभीर रोग होने की आशंका रहती है। उल्लेखनीय है कि यहां समय पर भोजन नहीं मिलने को लेकर भी खिलाड़ी रोष जता चुके हैं। वहीं सवाल यह भी है कि एक ही जगह से सप्लाई क्यों कि जा रही है। जब खिलाड़ियों की संख्या अधिक है और दो मैदान में प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है तो दोनों स्थान पर भोजन व्यवस्था क्यों नहीं की गई।

लाभचंद पटेल को बांसवाड़ा भाजपा की कमान

बांसवाड़ा. आगामी विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस की तरह भारतीय जनता पार्टी ने भी जिलाध्यक्ष की कमान नए हाथों में सौंप दी है। शनिवार देर रात प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के निर्देश के बाद लाभचंद पटेल को जिले में पार्टी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। बांसवाड़ा में गत विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी का नेतृत्व गोविन्द सिंह राव को सौंपा गया था। तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद उनके पुन: जिलाध्यक्ष बनने या नए अध्यक्ष की नियुक्ति की चर्चाएं विगत कुछ माह से चल रही थीं। प्रदेशाध्यक्ष जोशी की ओर से पटेल की जिलाध्यक्ष के रूप में नियुक्त करने के साथ ही इन चर्चाओं को विराम लग गया है। पटेल के पास वर्तमान में भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चे के जिलाध्यक्ष का दायित्व है। वे पूर्व में नगर परिषद के पार्षद रह चुके हैं। जिले में पार्टी के लिए ओबीसी वर्ग का प्रमुख चेहरा भी हैं। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने भी विगत दिनों पूर्व विधायक रमेशचंद्र पंड्या को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया था। ऐसे में अब दोनों पार्टियां नए स्थानीय नेतृत्व के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेंगी।