अपहरण के आरोप से पलटे बसंतलाल, कार्रवाई कराने से किया इनकार; बोले- विधायक आवास पर पत्नी से बातचीत हो गई
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की सज्जनगढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव से पहले शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। पंचायत समिति सदस्य चंपा देवी के कथित अपहरण का आरोप लगाने वाले उनके पति बसंतलाल अब अपने बयान से पीछे हट गए हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में किसी तरह की कार्रवाई नहीं करने की बात कही है। बसंतलाल का कहना है कि विधायक आवास पर उनकी पत्नी से बातचीत हो गई है और आपसी मतभेद दूर हो गए हैं।
दरअसल, सज्जनगढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक खींचतान चल रही है। कांग्रेस नेता बसंतलाल ने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी और नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य चंपा देवी को कुछ लोग बहाने से अपने साथ ले गए। उन्होंने इस संबंध में थाने पहुंचकर शिकायत भी दी थी।
पत्नी के अपहरण का लगाया था आरोप
बसंतलाल ने अपनी शिकायत में गिरीश कलाल और मनीष कलाल पर उनकी पत्नी को प्रधान बनाने का झांसा देकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया था। इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल गरमा गया था। बसंतलाल के समर्थकों ने भी विरोध जताया और चंपा देवी को वापस लाने की मांग की थी।
विधायक आवास पर हुई बातचीत
अब बसंतलाल ने कहा है कि विधायक आवास पर उनकी पत्नी चंपा देवी से मुलाकात हुई और दोनों के बीच बातचीत हो गई है। उन्होंने बताया कि पार्टी स्तर पर हुई मध्यस्थता के बाद विवाद सुलझ गया है। इसी वजह से वह अब इस मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते।
प्रधान चुनाव से पहले बदले राजनीतिक समीकरण
सज्जनगढ़ पंचायत समिति में कुल 15 सदस्य हैं। कांग्रेस ने 8 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। इसके बावजूद प्रधान पद को लेकर पार्टी के भीतर खींचतान और अलग-अलग दावेदारियों के कारण राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। भारत आदिवासी पार्टी भी इस चुनाव में अपनी भूमिका को लेकर रणनीति बना रही है।
बसंतलाल के आरोपों से पीछे हटने के बाद अब विवाद शांत होता दिखाई दे रहा है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने पंचायत समिति के प्रधान चुनाव से पहले स्थानीय राजनीति में काफी हलचल पैदा कर दी थी।
