Aapka Rajasthan

Banswara पहले पत्नी चली गई, फिर कर्ज से परेशान पति ने भी की आत्महत्या

 
Banswara पहले पत्नी चली गई, फिर कर्ज से परेशान पति ने भी की आत्महत्या

बांसवाड़ा न्यूज़ डेस्क, बांसवाड़ा शहर में दाहोद रोड से सटे नाथेलाव तालाब में बुधवार को एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल हुए, तो पहचानकर कुछ देर में परिजन भी पहुंच गए। मामला पहले पारीवारिक संकट और फिर कर्ज के चलते खुदकुशी का सामने आया। इस पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार दोपहर बाद करीब ढाई बजे पानी में शव पड़ा होने की सूचना पर राजतालाब थाने से उपनिरीक्षक कैलाशचंद्र शर्मा, एएसआई अमरसिंह और पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। इस बीच, यहां भीड़ लग गई। शव निकलवाकर शिनाख्त के प्रयास किए गए। इस बीच, कुछ लोगों ने फोटो-वीडियो बनाकर समूहों में शेयर किए, तो नीलमनगर क्षेत्र से परिजन पहुंचे।

फिर मृतक की पहचान 35 वर्षीय विनोद पुत्र बद्रीलाल सिकलीगर के रूप में हुई। पूछताछ से पता चला कि विनोद किसी गैराज पर काम करता है। मंगलवार को वह काम पर गया। उसके बाद वापसी नहीं की। परिजन उसके बारे में जानकारी जुटा रहे थे, तभी किसी ग्रुप में फोटो देखकर पहचाना। परिजनों से पता चला कि घर में दो भाइयों में बड़ा विनोद तैरना नहीं जानता है। उसकी सात बहने हैं। शादी करीब दस साल पहले हुई थी, लेकिन पत्नी बच्चे को लेकर करीब आठ साल पहले पीहर मध्यप्रदेश चली गई। उसके बाद ससुराल नहीं आई। तब से वह कटा-कटा सा रहने लगा। इसके बाद उसने मकान पर बैंक से कर्ज लिया था, जिसे चुका नहीं पाने से किस्तों की उगाही बनी रही।

बताया गया कि बैंक से नोटिस मिले, तो वह त्रस्त हो उठा। मृतक के जीजा का कयास रहा कि इसके चलते उसने नाथेलाव में कूद कर जान से दी। हालांकि तालाब में पानी गहरा कम है, लेकिन एकबारगी कूदने के बाद तैरना नहीं आने से पैंदे में जाने के बाद वह निकल नहीं पाया है। मौका कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव एमजी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। इस बीच, मृतक की बहन संतोष पत्नी विशाल ने पुलिस को रिपोर्ट दी। इसमें किसी तरह की आशंका से इनकार करने पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शाम को पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंपा। मामले को लेकर पुलिस मृतक विनोद के घर पहुंची तो हालत काफी खराब दिखी। एसआई शर्मा ने बताया कि मृतक के पिता का पूर्व में निधन हो चुका है। मां भी बीमार होकर बिस्तर पर है। बहनों की शादी हो चुकी, वहीं छोटे भाई का दिमागी संतुलन सही नहीं बताया गया। देरशाम को उसके भी कुछ खा-पी लेने से तबीयत बिगडऩे की जानकारी मिली।