Aapka Rajasthan

Banswara चोरों ने राजपुर में छह, दरोबड़िया में चार घरों में लगाई सेंध

 
Banswara चोरों ने राजपुर में छह, दरोबड़िया में चार घरों में लगाई सेंध

बांसवाड़ा न्यूज़ डेस्क, बांसवाड़ा  जिले में शहरी व ग्रामीण इलाकों में चोरों की धमाल से लोग त्रस्त हैं। लोहारिया के राजपुर गांव में चोरों ने एक रात में छह सूने मकानों को निशाना बनाया। वहीं पाटन थाना क्षेत्र के दरोबडिय़ा गांव में एक रात में चार जगह बदमाशों ने हाथ मारे। दस जगह हुई वारदातों में लाखों का माल चोरी हुआ। इसे लेकर पुलिस ने केस दर्ज किए हैं।लोहारिया क्षेत्र में हुई वारदातों को लेकर एक रिपोर्ट राजपुर हाल अहमदाबाद निवासी पृथ्वीसिंह राव पुत्र दौलतसिंह राव ने दी। इसमें बताया कि वह अहमदाबाद, छोटा भाई भारतसिंह राव सूरत और जगदीशसिंह नई दिल्ली में निवासरत हैं। तीनों के मकान राजपुर में बंद हैं। 25 सितंबर की रात चोरों ने उनके घर का ताला तोडकऱ सामान उलट-पलट किया। चोर अलमारी व पेटी के ताले तोड़ कर अंदर रखे फ्रेश नोटों के पांच, बीस और दस के नोटों के बंडल, दो कंबलें, चांदी के सिक्के, लक्ष्मी एवं गणपति की चांदी की प्रतिमाएं, जूते आदि सामान ले गए। भाई जगदीशसिंह के मकान से चांदी का वजनी नारियल, पायजेब दो जोड़ और बिच्छीयां, सिक्के, कानों के सोने सोने के झुमके ले गए। दोनों मकानों से करीब दो किलो चांदी का सामान, छह हजार के फ्रेश नोट और सात ग्राम सोना चोरी होना बताया गया। भारतसिंह के मकान में हुई चोरी के बारे में जानकारी उनके आने पर मिल पाएगी।

इन्हीं के रिश्तेदार राजपुर के गोवर्धनसिंह पुत्र ईश्वरसिंह राव ने 25 सितंबर की रात उनके परिवार के तीन घरों में चोरी की रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि वह, छोटे भाई हरिसिंह व गजेंद्रसिंह राव तीनों बांसवाड़ा में रहते हैं। पीछे घर सूना पाकर बदमाशों ने ताले तोड़े और कंबलें, चांदी का नारियल, सिक्के, पायजेब, बिछिया आदि चुरा लिया। हरिसिंह के मकान से चांदी की पायजेब, चांदी के चार सिक्के, एक नोट चांदी का व अन्य सामान ले गए व तीसरे भाई गजेन्द्र सिह राव के मकान में सेफ तोड़ा, लेकिन वहां सामान चोरी नहीं हुआ। यहां दो घरों से करीब पौन किलो चांदी का सामान चोरी हुआ, जिसकी जानकारी दूसरे दिन सूचना पर घर लौटने के बाद हुई। दोनों एफआईआर पर अनुसंधान भीमपुर चौकी प्रभारी एएसआई सुरेंद्र सिंह के जिम्मे किया गया है।

एक जगह सेंध, अन्य के तोड़े ताले

पाटन थाना क्षेत्र के दरोबडिय़ा पंचायत क्षेत्र में चोरों ने चार जगह वारदात की। दो जगह से चोर करीब साढ़े चार किलो चांदी के जेवर और नकदी ले गए। सुबह मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए। पाटन थाना पुलिस दल ने मुआयना किया। हुरजी पुत्र काना गणावा एवं एक अन्य के घर में चोरी का प्रयास असफल रहा, लेकिन राणजी पुत्र हितरा गणावा के घर के पीछे दीवार में सुराख कर घुसे बदमाश दो संदूकों में रखे करीब साढ़े चार किलो चांदी के जेवर और नकदी निकाल ले गए। पप्पू पुत्र मांगुड़ा के घर कमरे का ताला तोडकऱ सामान बिखेरा। यहां से पांच सौ रुपए ही हाथ लगे। पप्पू सपरिवार घर की ऊपरी मंजिल पर सोया था। आसपास टोह लेने पर चुराई संदूकें कपास के खेत में पड़ी मिली। इस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।