Aapka Rajasthan

Banswara में मछली पकड़ने के शौक पर नजर रखते हुए एक दिन में 43 मामले दर्ज किए गए

 
Banswara में मछली पकड़ने के शौक पर नजर रखते हुए एक दिन में 43 मामले दर्ज किए गए
बांसवाड़ा न्यूज़ डेस्क, बांसवाड़ा प्रजनन काल में प्रतिबंध के बावजूद जिले के तालाबों, नदी-नालों पर बढ़ते मत्स्याखेट और पानी की आवक बढऩे पर बहकर डूबने की आशंकाओं पर जिला पुलिस चेती। पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए अभियान में इस गैरकानूनी गतिविधि को शामिल कर कार्रवाइयां की गईं। इसके चलते एक दिन में 43 जनों को गिरफ्तार कर अवैध मत्स्याखेट पर अंकुश लगाने का प्रयास किया गया।मानसून के दौर में नदी-नालों में बहते पानी में मुफ्त की मछलियों को पकडऩे का शगल बढ़ा है। इसे लेकर मुफ्त की मछली के लिए खुद की जान दांव पर शीर्षक से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया। इसे पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया और आबकारी की कार्रवाइयों के साथ मत्स्य अधिनियम के तहत भी कार्रवाइयां करने के आदेश दिए। अनुपालना में रविवार को दोनों अधिनियमों के उल्लंघन पर जगह-जगह धरपकड़ कर 131 जने गिरफ्तार किए गए। इनमें 43 लोग मछलियां पकड़ते और परिवहन करते पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

अभियान में सर्वाधिक अरथूना क्षेत्र में छह कार्रवाइयां गोसाई का पाड़ला, नांदरिया कोटड़ा, अरथूना, वाघेलापाड़ा, भतार और पादेड़ी में हुई। इसके दीगर आम्बापुरा पुलिस ने आमदा में दो और कलियारी व खोड़ी पीपली में एक-एक, कलिंजरा पुलिस ने बारी में दो और बागीदौरा व चिरोलाबड़ा में एक-एक, कुशलगढ़ पुलिस ने बांसड़ी, चेकीडूंगरी, घाटा और सांगरीफला में एक-एक जने को मछली पकड़ते और परिवहन करते पकड़ा। उधर, गढ़ी पुलिस ने नगारची वरड़ला, जाजुपुरा और मोर, भूंगड़ा पुलिस ने कांकनसेजा, चाचाकोटा और महुखोरा में कोतवाली पुलिस ने आम्बावाड़ी, बरोड़ा और आला पृथ्वीगढ़, लोहारिया पुलिस ने लोहारिया, गोपालपुरा और बस्सीचंदनसिंह में, कसारवाड़ी पुलिस ने टोडी टावर, गोयका बारिया और हिम्मतगढ़ी में एक-एक जने को धरा।

इसके अलावा सज्जनगढ़ क्षेत्र के गराड़िया व भूरादौड़, सदर इलाके में सागड़ोद और सांगरीपाड़ा तालाब पर, घाटोल में हेरोडेम पर दो और आनंदपुरी क्षेत्र के छाजा व कांगलिया में अवैध मत्स्याखेट पर परिवहन पर एक-एक कार्रवाई की गई। उधर, मोटागांव पुलिस ने अमरसिंह का गढ़ा और खमेरा पुलिस ने मेमखोर तालाब पर मछली पकड़ते एक-एक जने को गिरफ्तार किया।