Aapka Rajasthan

Banswara अगर कोई आपको घूरता है या पीछा करता है तो कॉल करें, पुलिस करेगी मदद

 
Banswara अगर कोई आपको घूरता है या पीछा करता है तो कॉल करें, पुलिस करेगी मदद

बांसवाड़ा न्यूज़ डेस्क, बांसवाड़ा  रेंज की पहली आईजी एस परिमाला ने प्रदेश में चलाए जा रहे गरिमा अभियान के तहत राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय चंद्रपोल गेट की छात्राओं के साथ संवाद किया। इस अवसर पर आईजी ने कहा कि कहीं भी मनचले पीछा करने, घूरने या फब्तियां कसने जैसी हरकतें करें तो इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 1090 या मोबाइल नंबर 9414247708 और 9602346070 पर दें। सूचना देने वाले की जानकारी गुप्त रखते हुए पुलिस फौरन कार्रवाई करेगी। किसी भी अनहोनी के समय पुलिस विभाग महिलाओं एवं छात्राओं के साथ है। आईजी ने छात्राओं को किसी भी प्रकार के बहकावे में ना आकर अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्रचित्त रहने की सीख दी। साथ ही कहा कि जिसे छात्र-छात्राएं प्यार कहते हैं, वह केवल किशोरावस्था के हार्मोनल परिवर्तन का परिणाम है।

इसे ध्यान के माध्यम से संतुलित किया जा सकता है। उन्होंने स्वयं के उदाहरण के माध्यम से एवं स्वामी विवेकानंद के प्रेरणास्पद कथनों से छात्राओं को प्रेरित किया। एक छात्रा के सवाल पर जवाब में आईजी ने बताया कि संघ लोक सेवा आयोग में 80 प्रतिशत वे अभ्यर्थी सफल रहे हैं, जिसकी प्रारम्भिक शिक्षा अपनी मात्रा भाषा में हुई है। अध्यक्षता संस्था प्रधान डॉ. चंद्रिका शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि डीएसपी प्रोबेशनल संदीपसिंह और महिला थाना प्रभारी रामरूप मीणा थे। कार्यक्रम में कशिश भारद्वाज ने नारी उत्पीडऩ पर कविता सुनाई, वहीं गार्गी पंड्या ने भी विचार व्यक्त किए। रिया भावसार ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। संचालन नीपा निर्भय एवं जनक भट्ट ने और आभार प्रदर्शन सुनीता नायर ने किया।

प्रशासनिक एवं सेवा संबंधित समस्याओं के समाधान मांग

राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ बांसवाडा का प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष भरत पटोत के नेतृत्व जिला प्रमुख रेशम मालवीया एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी को राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ प्रदेश स्तर से समस्या समाधान अभियान 2023 के तहत ज्ञापन दिया। ग्राम विकास अधिकारी जिलाध्यक्ष भरत पटोत ने बताया कि जिले की विभिन्न पंचायत समितियों में कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी संवर्ग की विभिन्न प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की गई है। इस अवसर पर प्रदेश संयुक्त प्रदेश मंत्री अशोक सुथार, जिला महामंत्री मुकेश भट्ट, जिला उपाध्यक्ष, भंवरसिह, संरक्षक गोपाल जोशी आदि उपस्थित थे। यह जानकारी जिला कोषाध्यक्ष अश्विनी ठाकुर ने दी।