Aapka Rajasthan

Alwar अस्पताल परिसर में महिला का गर्भपात, कुत्ता भ्रूण ले गया

 
Alwar अस्पताल परिसर में महिला का गर्भपात, कुत्ता भ्रूण ले गया

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर के महिला चिकित्सालय में एक वीभत्स घटना सामने आई है। अस्पताल परिसर से शुक्रवार रात एक श्वान करीब 5 महीने के भ्रूण को उठा कर ले गया। इंसानियत को शर्मसार करने वाली यह घटना रात करीब 11 बजे की है। जानकारी के अनुसार तिजारा क्षेत्र की एक महिला 28 फरवरी को महिला अस्पताल में भर्ती हुई थी। महिला के पेट में करीब चार-पांच माह का मृत भ्रूण था। उसे गर्भपात के लिए भर्ती कराया गया था। इस बीच महिला को अधिक तकलीफ होने पर उसे निजी अस्पताल ले जाने की परिजन तैयारी कर रहे थे। इस दौरान महिला बाहर आकर बैठी तो भ्रूण बाहर आ गया। जिसे श्वान उठाकर ले गया।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई घटना

घटना के प्रत्यक्षदर्शी एंबुलेंस चालक राजेन्द्र गुर्जर ने बताया कि वह अस्पताल के अंदर मुख्य गेट के सामने एंबुलेंस में सो रहा था। इसी बीच उसके पास फोन आया कि एक मरीज को निजी अस्पताल जाना है। इस पर उसने उठकर देखा तो एक प्रसूता एंबुलेंस के पास जमीन पर बैठी हुई थी। जिसे एंबुलेंस में बैठाने के लिए उसके साथ खड़ी दूसरी महिला ने जैसे ही उठाया तो भ्रूण बाहर आ गया। इस दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोग मदद के लिए चिल्लाए, लेकिन स्ट्रेचर देरी से आई। इसके जैसे ही महिला को स्ट्रेचर पर अस्पताल के अंदर ले जा रहे थे, तभी एक श्वान भ्रूण को मुंह में उठाकर ले गया।

अस्पताल प्रशासन ने झाड़ा पल्ला

घटना को लेकर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. टेकचंद का कहना था कि महिला को गर्भपात के लिए भर्ती किया गया था। उसका इलाज भी किया जा रहा था। इस बीच वह खुद ही उठकर चली गई। जबकि उसे दर्द भी हो रहा था। वह कहां गई, इसका मालूम नहीं है। रात को चिकित्सालय परिसर में बहुत सारे लोग घूमते रहते हैं। इस संबंध में मालूम होते ही मरीज को फिर से भर्ती किया गया। वहीं, भ्रूण को श्वान ले जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी नहीं है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे भी नहीं देखे हैं। भ्रूण मृत होने के कारण इसकी जानकारी भी नहीं की गई है। हमें भ्रूण प्राप्त नहीं हुआ है।