Aapka Rajasthan

Alwar आग में जली महिला चिल्लाती रही, लोग बनाते रहे वीडियो, 90% झुलसी

 
Alwar आग में जली महिला चिल्लाती रही, लोग बनाते रहे वीडियो, 90% झुलसी 

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर में विवाहिता पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है। आग में झुलसी महिला बुरी तरह झुलस गई। दर्द से कराहती विवाहिता चीखते हुए बचाओ-बचाओ चिल्लाई लेकिन उसे देखकर आस-पास के लोग भयभीत हो गए। कई लोग फोटो लेने में लगे रहे। इस बीच एक पुलिसकर्मी पहुंचा और विवाहिता को अपनी गोद में उठाकर बाइक पर ही हॉस्पिटल लेकर गया। रास्ते में एंबुलेंस के आने पर उसे शिफ्ट कर हॉस्पिटल पहुंचाया है। विवाहिता का अलवर हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। उसका शरीर 90 प्रतिशत तक झुलस गया है और हालत नाजुक बनी हुई है। मामले में विवाहिता के पति ने पत्नी के परिचित के खिलाफ आग लगाने का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने परिचित को हिरासत में लिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला ने खुद ही आग लगाई है।

झुलसी महिला को बाइक पर लेकर गया पुलिसकर्मी

हादसा अलवर के MIA थाना क्षेत्र के गांव कैरवा जाट के चौराहे के पास शुक्रवार दोपहर का है। आस-पास के लोगों ने आग में झुलसी महिला मधू जाटव निवासी एमआईए के नाहरपुर गांव को चीखते-चिल्लाते देखा था। बुरी तरह झुलसी महिला को देखकर लोग डरकर दूर होने लगे। कुछ लोग मदद की जगह फोटो और वीडियो बनाने में लग गए। भीड़ में से किसी ने गांव के कॉन्स्टेबल कालूराम को फोन किया। कालूराम एसपी के यहां पीएसओ लगे हुए हैं। मामले की जानकारी पर वे तुरंत अपनी बाइक पर मौके पर पहुंचे। कॉन्स्टेबल कालूराम ने महिला को गोद में उठाया और अपनी बाइक पर बैठाया। उनकी ग्रामीण मनीष ने भी मदद की। मनीष ने बाइक चलाई और पीछे कालूराम महिला को लेकर बैठा। उन्होंने एंबुलेंस को भी बुलाया। करीब 3 किमी चलने के बाद एंबुलेंस के आने पर झुलसी महिला को उसमें शिफ्ट किया गया। अलवर जिला हॉस्पिटल लाने के कुछ देर बाद ही महिला को जयपुर रैफर कर दिया गया। मामले की जानकारी पर महिला का पति भी पहुंचा।

महिला के परिचित युवक पर आग लगाने का आरोप

अलवर एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि विवाहिता मधु जाटव अपने पति राजेश पुत्र रामप्रसाद जाटव और तीन बच्चों के साथ एमआईए के नाहरपुर गांव में रहती है। उसके पत्नी के ही एक परिचित युवक दिनेश पुत्र छोटेलाल निवासी हल्दीना थाना मालाखेड़ा पर आग लगाने का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने दिनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि मधु उसकी परिचित है। हम दोनों के बीच आपसी कहासुनी और झगड़ा हुआ था। इस दौरान मधु के हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल थी। झगड़े में उसने बोतल खोलकर खुद पेट्रोल अपने शरीर पर डालकर माचिस से कपड़ों में आग लगा ली।

प्रारंभिक जांच में खुद आग लगाना आया सामने

पुलिस का कहना है कि महिला और आरोपी के बीच के संबंधों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने खुद ही आग लगाई है। आग लगाने से पहले महिला नाहरपुर से काफी दूर तक पैदल ही पहुंची, जिसे रास्ते में कई जगह लोगों ने देखा है। केरवाजाट रोड के पास जब आरोपी दिनेश सामने आया तो खुद को आग लगा ली। एसपी ने बताया कि जांच में पता चलेगा कि महिला ने जिस आरोपी से फोन पर बात की। उससे क्या संबंध थे। उसके आने के बाद आग लगाई है या पहले। यह जांच की जा रही है। आग लगाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।