Aapka Rajasthan

Alwar बानसूर में महिला को मृत बताकर रुकवाई विधवा पेंशन, अधिकारियों ने कराया सत्यापन

 
Alwar बानसूर में महिला को मृत बताकर रुकवाई विधवा पेंशन, अधिकारियों ने कराया सत्यापन

अलवर न्यूज़ डेस्क, आखिरकार नारायणपुर की फूली देवी को 5 महीने बाद न्याय मिल गया। बुधवार को अधिकारियों ने फूली देवी का सत्यापन करवाकर पेंशन चालू करवा दी। फूली देवी को जिंदा होने के बावजूद मृत घोषित कर उसकी विधवा पेंशन बंद कर दी गई थी। महंगाई राहत शिविर में फूली देवी को मृत घोषित कर पेंशन बंद करने का मुद्दा छाया रहा था। जिस पर अधिकारियों ने बुधवार की फूली देवी को अपनी गाडी में बिठाकर थानागाजी लेकर गए और उसका सत्यापन कर पेंशन योजना चालू करवाई गई। महिला पिछले 5 महीनों से अपने जिंदा होने का सबूत लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रही थी।

नारायणपुर के गड़ी मामोड़ के मेहर की ढाणी निवासी फूली देवी (60) की 5 जनवरी की मृत घोषित कर विधवा पेंशन बंद कर दी गई। पीड़ित को इसकी सूचना एक महीने बाद जब पेंशन खाते में नही आई तो पता लगा। पीड़ित महिला के बेटे बलबीर गुर्जर ने जब तहसील से इसकी सूचना मांगी गई तो उसमे चौंकाने वाला मामला सामने आया। महिला को मृत घोषित कर उनकी पेंशन बंद कर दी गई। पीड़ित महिला के द्वारा 30 दिसंबर 2022 की वार्षिक सत्यापन करवाने के बाद 5 दिन बाद ही 5 जनवरी 2023 को मृत घोषित कर पेंशन बंद कर दी गई। मामले को लेकर मां बेटे जिंदा होने का सबूत लेकर अधिकारियों के चक्कर लगाते रहें।

मंगलवार को गांव में प्रशासन गांवों के संग अभियान में महिला फूली देवी ने कैंप में अधिकारियों के पास अपनी समस्या लेकर पहुंची तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। फूली देवी ने पंचायत के कर्मचारियों पर जानबूझकर मानसिक और सामाजिक तौर पर परेशान करने के उद्देश्य से फर्जी कागज पेश कर पेंशन बंद करने का आरोप लगाया था।