आखिर कहां से आया था मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल ? 3 बजे तक का दिया था अल्टीमेटम

अलवर मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जयपुर से आई टीम ने जांच की और स्पष्ट किया कि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। सुबह करीब 8 बजे से शाम 4 बजे तक मिनी सचिवालय की जांच की गई। जयपुर से आई बम निरोधक दस्ते की टीम ने पूरी जांच की। एडीएम बीना महावर ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मेल में आया संदेश तमिलनाडु से आया हुआ प्रतीत हो रहा है। इसकी बाकी तकनीकी जानकारी की जाएगी। अलवर एएसपी तेजपाल सिंह ने बताया कि मेल के अनुसार मिनी सचिवालय में कोई आरडीएक्स या अन्य विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। बाकी मेल कहां से भेजा गया था। इसकी तकनीकी जांच की जाएगी। बताया जा रहा है कि कलेक्ट्रेट के सरकारी मेल पर देर रात मैसेज आया था। सुबह जब अधिकारियों को इसकी जानकारी हुई तो इसका मुख्य गेट बंद कर दिया गया था। फिलहाल वहां पुलिस की टीम तैनात है।
मेल में लिखा- आरडीएक्स लगा है
एडीएम सिटी बीना महावर ने बताया कि कलेक्ट्रेट कार्यालय के मेल पर रात 3:42 बजे मैसेज आया था। मेल में लिखा है-अस्सलाम कलेक्टर... मिनी सचिवालय में आरडीएक्स लगा है। इसे मंगलवार दोपहर 3 बजे तक उड़ा दिया जाएगा। प्रशासन को इस मैसेज की जानकारी सुबह 7 बजे मिली। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय को पूरी तरह खाली करा लिया। दोनों मुख्य गेट बंद कर दिए गए। मैनुअल तलाशी ली गई। जयपुर से बम स्क्वायड टीम आ रही है। सुबह 7 बजे के करीब इस मैसेज की जानकारी मिली। अब साइबर टीम जांच में जुटी है।
सचिवालय में प्रवेश बंद, मुख्य गेट बंद
अलवर जिला कलेक्ट्रेट पुलिस छावनी बन गया है। मौके पर दो फायर ब्रिगेड और भारी पुलिस बल के साथ ही नागरिक सुरक्षा दल तैनात है। सचिवालय का गेट सुबह से ही बंद कर दिया गया है। किसी भी व्यक्ति को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं है। बड़ी संख्या में पुलिस के जवान अंदर तलाशी अभियान चला रहे हैं। हालांकि अभी तक बम की पुष्टि नहीं हुई है।