Aapka Rajasthan

Weather Update राजस्थान में ओलावृष्टि ने किसानों की महेनत पर फेरा पानी, फसलें बर्बाद, कोटा की थर्मल यूनिट फेल, बारिश का अलर्ट

 
Weather Update राजस्थान में ओलावृष्टि ने किसानों की महेनत पर फेरा पानी, फसलें बर्बाद, कोटा की थर्मल यूनिट फेल, बारिश का अलर्ट

जयपुर न्यूज़ डेस्क, चुनावी माहौल के बीच मौसम भी अपना रौद्र रूप दिखा रहा है। एक पहले एक्टिव हुए तीव्र पश्चिमी विक्षोभ ने प्रदेश में तहलका मचा दिया। तेज गर्मी के बीच मौसम का मूड बदला और कई जिलों में बादल बरस पड़े। कुछ जिलों में ओलावृष्टि हुई तो कुछ जिलों में तेज आंधी भी आई। अलवर जिले के भिवाड़ी के आसपास नींबू के आकार के ओले गिरे जिससे किसानों की फसलें बर्बाद हो गई। खेतों में खड़ी और कुछ कटी हुई फसलें बारिश और ओलावृष्टि के कारण तहस नहस हो गई। उधर कोटा में कोटा में तेज आंधी के कारण सकतपुरा 220 केवी जीएसएस में फॉल्ट आ गया। इससे सातों यूनिट ट्रिप हो गई। कोटा शहर में करीब 4 घंटे तक बिजली गुल हो गई। इस दौरान थर्मल यूनिट भी फेल हो गई।

आज भी 10 जिलों में बारिश और अंधड़ का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर आगामी 24 घंटे तक और बना रहेगा। आज शनिवार को भी प्रदेश के करीब 10 जिलों में बारिश के साथ तेज अंधड़ आने की संभावना है। जिन जिलों में बारिश और झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। उनमें अलवर, बारां, झालावाड़, झुंझुनूं, कोटा, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और गंगानगर शामिल हैं। मौसम केंद्र जयपुर की ओर से जारी किए गए यलो अलर्ट के अनुसार इन जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।

तीन जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर

एक तरफ प्रदेश में मौसम ने पलटी मारी है और बारिश, अंधड़ के साथ ओलावृष्टि हुई है। उधर प्रदेश के कुछ जिलों में गर्मी ने अपने तेवर जारी रखे। तीन जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। सर्वाधिक तापमान कोटा में 41.5 दर्ज किया गया। अंता बारां में 40.9 डिग्री सेल्सियस और करौली में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। हालांकि प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार तक पारे में मामूली गिरावट और आने की संभावना है।