Aapka Rajasthan

Alwar जिला अस्पताल में सोनोग्राफी के लिए दो और डॉक्टर नियुक्त

 
Alwar जिला अस्पताल में सोनोग्राफी के लिए दो और डॉक्टर नियुक्त
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर  जिला अस्पताल में सोनोग्राफी के लिए दो नए चिकित्सकों को लगाया गया है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों को सोनोग्राफी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। पहले यहां सोनोग्राफी के लिए दो चिकित्सक कार्यरत थे। जबकि सामान्य व महिला अस्पताल में सोनोग्राफी के लिए 2-2 मशीन उपलब्ध हैं, लेकिन सोनोग्राफी के लिए 2 ही चिकित्सक उपलब्ध होने के कारण सोनोग्राफी की 2 मशीनें ही उपयोग में आ रही थी। इसमें से भी एक चिकित्सक के महीने में करीब 15 से 20 दिन कोर्ट एविडेंस पर रहने के कारण मरीजों को सोनोग्राफी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा था। वहीं, अब दो ओर चिकित्सक लगाने से मरीजों को काफी राहत मिल सकेगी।

प्रतिदिन करीब 300 मरीजों की हो रही सोनोग्राफी: सामान्य व महिला अस्पताल की पुरानी एक-एक सोनोग्राफी मशीन को तकनीकी परेशानी के कारण अभी कुछ दिनों से संचालित नहीं किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार आगामी दो से तीन दिन में चारों सोनोग्राफी मशीन शुरू कर दी जाएंगी। फिलहाल सामान्य व महिला अस्पताल में लगी नई सोनोग्राफी मशीन पर सोनोग्राफी की जा रही है। वहीं, जानकारी के अनुसार चिकित्सक प्रतिदिन करीब 300 मरीजों को सोनोग्राफी लिख रहे हैं। जबकि पहले दो चिकित्सक प्रतिदिन करीब 100 से 120 सोनोग्राफी करा रहे थे। ऐसे में मशीन ठीक होने के बाद चार चिकित्सकों के सोनोग्राफी कराने से दोगुने मरीजों को लाभ मिल सकेगा।

सेटेलाइट अस्पताल में करीब डेढ़ साल पहले लाखों रुपए की कीमत की अत्याधुनिक सोनोग्राफी मशीन खरीदी गई थी, लेकिन सोनोग्राफी कराने के लिए स्टाफ नहीं होने से मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था। वहीं, लोकसभा चुनाव की जल्दबाजी में पिछले माह वन मंत्री संजय शर्मा ने यहां सोनोग्राफी मशीन का लोकार्पण कर दिया। इस दौरान सोनोग्राफी के लिए यहां मालाखेड़ा में कार्यरत स्त्री रोग विशेषज्ञ गायत्री महावर को कार्य संपादन के लिए लगाया गया। इससे गायनी से संबंधित मरीजों को काफी फायदा मिला, लेकिन बाद में उनका डेपुटेशन निरस्त होने से वापस सोनोग्राफी की सुविधा बंद हो गई।