होली के जश्न में छाया मातम का सन्नाटा ! अलवर में आग की चपेट में आईं दो महिलाएं, झुलसने से मची अफरा-तफरी

अलवर न्यूज़ डेस्क - होली का त्यौहार कई जगह लापरवाही के कारण बदरंग हो गया। जिसमें दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गई। जिन्हें गंभीर हालत में सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के खोहरा मोहल्ला निवासी रेणु पत्नी ओमप्रकाश घर पर होली खेल रही थी।
उस समय पास में ही भट्टी पर खाना बन रहा था। तवे पर तेल गिरने से रेणु गंभीर रूप से झुलस गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव सुमेल में होली खेलते समय नौवीं कक्षा की छात्रा पर उसकी छोटी बहन ने गर्म पानी डाल दिया। जिससे उसके शरीर का एक हिस्सा बुरी तरह जल गया।
जानकारी के अनुसार, मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव सुमेल निवासी शोभाराम की 14 वर्षीय पुत्री साक्षी अपने भाई-बहनों के साथ होली खेल रही थी। तभी छोटी बहन ने पानी उठाकर उस पर डाल दिया। लेकिन उसे पता नहीं था कि यह गर्म पानी है। जिसे नहाने के लिए गर्म किया गया था। साक्षी को गंभीर हालत में सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार जारी है।