अलवर में महिला से लूटपाट का सनसनीखेज मामला! हादसे के बाद चेन और नकदी गायब, आरोपियों की खोज में जुटी पुलिस

अलवर न्यूज़ डेस्क शहर के दाऊदपुर रेलवे फाटक के पास बुधवार दोपहर करीब सवा एक बजे स्कूटी सवार दो युवकों ने दया नगर निवासी बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। जिसके बाद महिला दूर जा गिरी। स्कूटी सवार युवक भी घायल हो गए। महिला के पति ने पुलिस को बताया कि स्कूटी सवार युवकों ने सोने की चेन और एक लाख रुपए लूट लिए। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
धक्का देकर लूट की आशंका
दया नगर निवासी हरि सिंह चौधरी ने बताया कि उसने अपनी पत्नी ग्यारसी देवी को दाऊदपुर फाटक पर बाइक से नीचे उतारा। वह सड़क पार कर पैदल जा रही थी। पीछे से स्कूटी सवार युवकों ने उससे या तो छीना झपटी की या फिर उसका बैग छीन लिया। जिससे उसकी पत्नी गिर गई। दरअसल हम लोग पोस्ट ऑफिस गए थे। पत्नी के बैग में एक लाख रुपए थे। उसके गले में सोने की चेन थी। बदमाशों ने महिला से सोने की चेन और एक लाख रुपए लूट लिए। घटना के बाद महिला को पास के धनेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। पति हरि सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी घायल हो गई। वह मौके पर ही बेहोश हो गई।
दुकानदार ने कहा- लूट की जानकारी नहीं
इस मामले में पास के दुकानदार विश्वेंद्र ने बताया कि महिला दुकान के सामने सड़क पर गिरी हुई दिखी। स्कूटी सवार लोगों ने उसे टक्कर मारी है। यह लूट की घटना नहीं लग रही। हमें लगा कि यह दुर्घटना है। इससे ज्यादा जानकारी हमारे पास नहीं है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है
सीसीटीवी में टक्कर लगने के बाद महिला अचानक सड़क पर गिरती हुई दिख रही है। स्कूटी भी गिर गई। कुछ ही सेकंड में आसपास के लोग महिला को उठाने पहुंच गए। अब कोतवाली पुलिस सीसीटीवी के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि लूट हुई है या नहीं।