Aapka Rajasthan

Alwar शिवाजी पार्क में समस्याओं का अंबार है लेकिन दर्द दूर करने वाला कोई नहीं

 
Alwar शिवाजी पार्क में समस्याओं का अंबार है लेकिन दर्द दूर करने वाला कोई नहीं 
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर की पुरानी कॉलोनियों में शामिल शिवाजी पार्क में समस्याओं का अंबार है। हर बार चुनाव होते हैं और प्रत्याशी यहां विकास का वादा करते हैं। मगर हकीकत में यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। राजस्थान पत्रिका ने शुक्रवार को जब आमजन से संवाद किया तो उन्होंने अपनी पीड़ा जाहिर की। किसी ने कहा सफाई नहीं होती तो कोई बोला पानी का अभाव है। कई बार जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों तक अपनी पीड़ा पहुंचाई, लेकिन किसी के जूं तक नहीं रेंगती। जनप्रतिनिधियों को भी आमजन की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। वे सिर्फ चुनाव के दौरान वोट के लिए जनता के बीच जाकर अपनी सहानुभूति बटोरने का प्रयास करते हैं। इसके बाद जनता को भूल जाते हैं।

सफाई व्यवस्था चौपट, सड़कें बदहाल : कॉलोनी की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। नालियों की सफाई नहीं होती। सीवरेज लाइन ब्लॉक होने से घरों में सीलन आ रही है। कॉलोनी की अधिकांश सड़कें उधड़ी पड़ी है। पेयजल सप्लाई लाइन भी मानकों के अनुसार नहीं डाली की गई। इसके कारण जल वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई। लोग पेयजल संकट से परेशान हो रहे हैं। कॉलोनी के पार्क भी कई साल से बदहाल स्थिति में हैं। इस दौरान ओमप्रकाश सैनी, अभिषेक शर्मा, अशोक छीपी, बनवारी लाल सैन, पंकज शर्मा, अमन गुप्ता, ओमवीर यादव, दीपक सोनी, रूपेश गुप्ता व महेन्द्र सोलंकी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

शिवाजी नगर कॉलोनी यूआईटी ने बनाई। अब तक इसके हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। हम पार्षद हैं। इसलिए जिम्मेदारी निगम की बनती है कि समस्याएं हल करवाएं, लेकिन टालने की आदत पड़ी हुई है। हम समस्याएं हम उठा रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे। वार्ड में हमने तमाम कार्य करवाए हैं। सड़कों के टेंडर आदि होने वाले हैं। इन पर 1.40 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सफाई व्यवस्था से लेकर अन्य सुविधाओं में सुधार हुआ है, जहां कमियां हैं हम दूर करवाएंगे। पानी का संकट पूरे शहर में है लेकिन इसकी कमी को दूर करने के प्रयास हो रहे हैं।