Aapka Rajasthan

Alwar मंदिरों में भगवान के ऑनलाइन दर्शन होंगे शुरू

 
Alwar मंदिरों में भगवान के ऑनलाइन दर्शन होंगे शुरू
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर देवस्थान विभाग के मंदिरों में विराजमान देव प्रतिमाओं के दर्शन भक्त घर बैठे कर सकेंगे। इसके साथ ही मंदिरों में होने वाली आरती का भी लाइव देख सकेंगे। इसके लिए विभाग की ओर से राज्य के चयनित मंदिरों में सेटअप लगवाया गया हैं। इसमें अलवर शहर में हजारी का मौहल्ला के मथुराधीश मंदिर में भक्तों को ऑनलाइन दर्शन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए विभाग की ओर से मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगाकर सेटअप तैयार किया है। राजस्थान सरकार की ओर से कोविड 19 के मद्देनजर प्रदेश के दो प्रमुख मंदिरों ऋषभदेव व गोगामेड़ी में श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद वर्ष 2023 में राज्य के पांच अन्य प्रमुख मंदिरों में ऑनलाइन दर्शन शुरू किए गए। इसकी सफलता को देखते हुए अब राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के 24 मंदिरों में ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था शुरू की जा रही है।

देश-विदेश के भक्त कर सकेंगे दर्शन : मंदिरों के पुजारियों का कहना है कि निजी मंदिरों में प्रतिदिन आरती व श्रृंगार का भक्तों को ऑनलाइन दर्शन करवाया जा रहा है। इससे बुजुर्ग व बीमार भक्त घर बैठे ही भगवान के दर्शन कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लिंक भी शेयर किया जाता है। देश विदेश के भक्त मंदिरों से जुड़ रहे हैं। इससे भक्तों की संख्या भी बढ़ी हैं। ऐसे में सरकारी मंदिरों में इस तरह के प्रयास सराहनीय है।

वेबसाइट हुई तैयार, यूटयूब पर भी होंगे दर्शन : देवस्थान विभाग के निरीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि देवस्थान विभाग के चयनित मंदिरों में ऑनलाइन दर्शन की सुविधा शुरू की गई है। इसमें अलवर का एक मंदिर शामिल है इसमें मार्च के अंतिम सप्ताह तक ऑनलाइन दर्शन की सुविधा शुरू हो जाएगी। टेंडर होने के बाद कैमरे भी लग गए हैं। इसके लिए वेबसाइट तैयार की गई है और जल्द ही यूटयूब पर भी सुविधा मिल जाएगी।