Aapka Rajasthan

राजस्थान स्थापना दिवस के मौके पर Alwar के लिए हुआ 70 करोड़ रुपए से ज्यादा की योजनाओं का एलान, इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा बढ़ावा

 
राजस्थान स्थापना दिवस के मौके पर Alwar के लिए हुआ 70 करोड़ रुपए से ज्यादा की योजनाओं का एलान, इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा बढ़ावा

राजस्थान स्थापना दिवस के अवसर पर प्रताप ऑडिटोरियम में विकास एवं सुशासन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान कई योजनाओं का शुभारंभ किया गया। अलवर में 70 करोड़ से अधिक के कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वन मंत्री संजय शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर किया।

24 कार्यों का लोकार्पण
उन्होंने कहा कि जिन कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, उससे जनता को लाभ मिलेगा। प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। अलवर जिले में 70 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों की स्वीकृति मिली है। करीब 23 करोड़ रुपए से विभिन्न विभागों के 24 कार्यों का लोकार्पण किया गया है। वहीं 48 करोड़ रुपए के 15 कार्यों का शिलान्यास किया गया है।

जिले की पंच गौरव पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर एडीएम प्रथम मुकेश कैथवाल, यूआईटी सचिव स्नेहल नाना, नगर निगम आयुक्त जितेंद्र नरूका आदि मौजूद रहे। सीएम भजनलाल शर्मा ने भीलवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम से प्रदेश की जनता को संबोधित किया। प्रदेश के लिए 10 हजार करोड़ के कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

ऑनलाइन प्रसारण
सीएम के संबोधन का यहां ऑनलाइन माध्यम से प्रसारण भी किया गया। सीएम ने कहा कि आपणो अग्रणी राजस्थान के सपने को साकार करने के लिए सरकार ने सुशासन के जरिए प्रदेश के विकास को नई गति दी है। इस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न वर्गों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया है। सीएम ने पत्रकार स्वास्थ्य कवरेज का भी शुभारंभ किया।

ये होंगे लाभान्वित
कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल, फायर एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया का सरलीकरण, नए जिलों में डीएमएफटी के गठन के आदेश, हरित अरावली विकास परियोजना और अन्नपूर्णा भंडार के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए। उप पंजीयक कार्यालयों का समय सप्ताह में दो दिन सुबह 8 से शाम 8 बजे तक करने के आदेश भी जारी किए गए। मेडिकल एप लॉन्च किया गया। ई-गवर्नेंस पुरस्कार भी दिए गए।