Myntra–Flipkart से गोल्ड कॉइन मंगवाकर रिफंड के नाम पर ठगी, 4 आरोपी गिरफ्तार
ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों से गोल्ड कॉइन मंगवाकर रिफंड के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए वैशाली नगर थाना पुलिस ने 2 डिलीवरी बॉय समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है।
एएसपी मुख्यालय शरण कांबले गोपीनाथ ने बताया कि 26 फरवरी को Blue Dart कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव योगेश कुमार शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि एक संगठित गिरोह द्वारा Myntra और Flipkart जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों से उच्च मूल्य के गोल्ड कॉइन प्रीपेड ऑर्डर किए जाते थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर महंगे गोल्ड कॉइन का ऑर्डर बुक करते थे। डिलीवरी के दौरान गिरोह के सदस्य और डिलीवरी बॉय की मिलीभगत से पार्सल में हेरफेर किया जाता था। इसके बाद कंपनी को यह दर्शाया जाता था कि पैकेट में गलत या क्षतिग्रस्त सामान मिला है, और रिफंड का दावा कर दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे खेल में डिलीवरी से जुड़े दो कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पूछताछ में पता चला कि वे गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से ठगी को अंजाम दे रहे थे। आरोपियों ने कई बार इसी तरीके से कंपनियों को चूना लगाया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, ऑर्डर डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन और बैंक लेन-देन की पड़ताल के बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
एएसपी ने बताया कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और ऑनलाइन रिटर्न व रिफंड पॉलिसी का दुरुपयोग कर कंपनियों को नुकसान पहुंचा रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस ठगी में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और कंपनियों से भी लेन-देन से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है।
