Aapka Rajasthan

Alwar में मां और दो बच्चों की हत्या कर कुएं में फेंके शव, लोगों में सनसनी

 
Alwar में मां और दो बच्चों की हत्या कर कुएं में फेंके शव, लोगों में सनसनी 

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर में महिला और दो बच्चों की हत्या के बाद शव कुएं में फेंक दिए गए। सोमवार शाम चार बजे तीनों के शव एक कुएं से मिले। तीनों के हाथ-पैर बंधे हुए थे। अभी पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर ये मां, बेटे और बेटी के शव लगते हैं। घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र के चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल के पास नेशनल हाईवे-248 A (अलवर से गुरुग्राम) की है। दोनों बच्चों की ड्रेस पर राजस्थान मदरसा बोर्ड लिखा हुआ है। सूचना पर वैशाली नगर, उद्योग नगर और एनईबी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

सीओ सिटी नारायण सिंह ने बताया- शाम करीब चार बजे हाईवे के पास से गुजर रहे लोगों ने बदबू आने पर वैशाली नगर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो नेशनल हाईवे के किनारे कुएं में तीन शव पानी में पड़े हुए थे। शव करीब तीन से चार दिन पुराने हैं। साफ तौर पर हत्या का मामला है। पुलिस की सूचना पर पहुंची सिविल डिफेंस ​की टीम ने कुएं से तीनों शवों को निकाला। शव जिला अस्पताल के मॉर्चुरी में रखे गए हैं। सीओ सिटी के अनुसार, महिला की उम्र 35, बच्ची की 14 और बच्चे की 10 से 12 साल है। यह मुस्लिम परिवार है। बच्चों की ड्रेस पर मदरसा बोर्ड लिखा हुआ है। तीनों के हाथ-पैर बंधे हुए थे। इससे साफ जाहिर है कि मर्डर कर उनको कुएं में फेंका गया है।

कुएं पर लगी है जाली

सीओ सिटी नारायण सिंह ने बताया- कुएं पर जाली लगी हुई है। जालियों के नीचे से थाेड़ी जगह है। उसके अंदर से शव फेंके गए हैं। सूचना पर पुलिस ने जेसीबी से जालियां हटाई। इसके बाद सिविल डिफेंस की टीम शवों को निकालने में लगी। सीवरेज लाइन का पानी भी इस कुएं में आता है। सीवरेज लाइन एमआईए इलाके में जाती है। कुआं भी नेशनल हाईवे-248 ए के किनारे पर है। अभी पुलिस शवों की पहचान करने में लगी है ताकि आगे मामले का खुलासा हो सके।