Aapka Rajasthan

Alwar में माँ बेटे की निर्मम हत्या, कुएं में मिले दोनों के शव

 
Alwar में माँ बेटे की निर्मम हत्या, कुएं में मिले दोनों के शव 
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर  वैशाली नगर थाना अंतर्गत नेशनल हाइवे पर बख्तल की चौकी से करीब 400 मीटर पहले सोमवार को एक कुएं में एक महिला सहित 2 बच्चों के शव मिले हैं। तीनों शवों के हाथ बंधे होने से प्रथम दृष्टया हत्या के बाद शवों को ठिकाने लगाने के लिए कुएं में डालने की आशंका है। जानकारी के अनुसार नेशनल हाइवे पर सड़क के किनारे बने एक कुएं से दुर्गंध आने पर राहगीरों ने बख्तल की चौकी पुलिस को सूचना दी। वहीं, बख्तल की चौकी से मिली सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारियों सहित वैशाली नगर, एनईबी और उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शवों को निकालकर सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस उप अधीक्षक शहर नारायण सिंह ने बताया कि राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी कि बख्तल की चौकी पर नाले में एक बच्ची का शव पड़ा हुआ है। उस पर पत्थर भी डाला हुआ है। इस पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो नाले के कुएं पर एक बच्ची का शव लटका हुआ मिला। जिस पर पत्थर भी डाला हुआ था। इसको निकालने के बाद कुएं में देखा तो 2 शव और दिखाई दिए। जिनके हाथ बंधे हुए थे। ऐसे में यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।

बच्चों के मदरसा में पढ़ने का अनुमान: मृतक महिला ने मैक्सी पहनी हुई है। इसके साथ ही हाथों में पीतल के कड़े भी पहने हुए है। वहीं, दोनों बच्चों ने सरकारी स्कूल की यूनिफॉर्म पहनी हुई है। जिस पर सीने के पास राजस्थान मदरसा बोर्ड लिखा हुआ है। इस आधार पर बच्चों के किसी मदरसे में अध्ययन करने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके साथ ही मृतक मुस्लिम समुदाय से होने को लेकर भी चर्चा की जा रही है।

कुएं पर लोहे का जाल लगा है: जिस कुएं में शव मिले हैं, उसे लोहे के जाल से ढका हुआ है। जबकि इसका कुछ हिस्सा खुला हुआ है। इसी जगह से शवों को कुंए में डाला गया था। सूचना पर पुलिस की टीम दोपहर करीब ढ़ाई बजे मौके पर पहुंची। इसके बाद शव निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस के अनुसार बालिका का शव कुएं की मुंडेर पर जाल के नीचे कुएं में लटका हुआ मिला था। जिसे पुलिस की ओर से बाहर निकाला गया। जबकि महिला और बालक का शव कुएं के अंदर पड़ा होने से सिविल डिफेंस की टीम ने करीब 3 से 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।