Aapka Rajasthan

Alwar शोभायात्रा में गूंजे भगवान परशुराम के जयकारे

 
Alwar शोभायात्रा में गूंजे भगवान परशुराम के जयकारे
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर भगवान परशुरामजी का जन्मोत्सव शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। सुबह परशुराम भवन स्थित उनकी प्रतिमा का अभिषेक हुआ और शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा शहर परशुरामजी के जयकारों से गूंजा। अलवर जिला ब्राह्मण सभा की ओर से निकाली गई शोभायात्रा को जिलाध्यक्ष विशंभर दयाल वशिष्ठ, रैणागिरी धाम के महंत बालक दास महाराज, कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने केसरिया झंडी दिखाकर रवाना किया। परशुराम भवन दिल्ली दरवाजा से करीब एक दर्जन से अधिक झांकियों के साथ शोभायात्रा रवाना हुई तो पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। इस दौरान बैंडबाजा और डीजे की स्वरलहरियां लोगों को मोहित कर रही थी। सजे हुए रथ में भगवान परशुराम 21 फुट की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा त्रिपोलिया से बजाजा बाजार होते हुए होपसर्कस पहुंची। त्रिपोलिया महादेव मंदिर के महंत जितेंद्र खेड़ापति ने शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा करीब एक किलोमीटर लंबी थी। युवा ब्राह्मण सभा परिवार की ओर से 21,00 दीपकों से भगवान परशुराम की महाआरती एवं शस्त्र शास्त्र पूजन किया। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी और रोशनी आकर्षण का केंद्र रही।

मौसम बिगडा लेकिन डटे रहे लोग : महाआरती के दौरान हवा व हल्की बूंदाबादी हुई, लेकिन भक्त डटे रहे। शोभायात्रा के दौरान विप्र जनों की भारी भीड़ रही। इसमें महिलाएं व बच्चे भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बच्चों ने हाथ में परशुराम जी का अस्त्र लिया हुआ था।गंगा मंदिर की तर्ज पर महाआरती

घंटाघर पर सनाढ्य ब्राह्मण फाउंडेशन की ओर से गंगा मंदिर की तर्ज पर महाआरती की गई। पूजा के दौरान विशेष पोशाक पहनी गई थी। पहली बार की गई इस आरती को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। चाणक्य परिवार की ओर से होपसर्कस , विप्र फाउंडेशन की ओर से नगर परिषद के बाहर तथा मन्नी का बड़ पर विप्र सेना की ओर से महाआरती की गई। इस दौरान सभी जगह विशाल मंच बनाए गए थे। पुलिस कंट्रोल रूम पर अग्रवाल महासभा की ओर से आरती की गई। इसके बाद गायत्री मंदिर रोड, मेहंदी बाग व लाल डिग्गी पर भी आरती हुई।