Aapka Rajasthan

Alwar जिलेभर में लाखों बच्चों ने उत्साह के साथ किया सूर्य नमस्कार

 
Alwar जिलेभर में लाखों बच्चों ने उत्साह के साथ किया सूर्य नमस्कार
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर  राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले के राजकीय, गैर राजकीय एवं शिक्षण संस्थानों में सूर्य नमस्कार कराया गया। जिलेभर के करीब 7 लाख युवाओं व अन्य लोगों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर स्कूलों में हिस्सा लिया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर दयाल ने बताया कि विद्यालयों में सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें कुल 7 लाख 25 हजार 223 लोगों ने सूर्य नमस्कार किया। इसमें 6 लाख 31 हजार 331 विद्यार्थी हैं। इनमें भी 3 लाख 35 हजार 316 बालक एवं 2 लाख 96 हजार 15 बालिकाएं, 32 हजार 736 कार्मिक, 59 हजार 187 अभिभावक तथा 1 हजार 969 अधिकारियों ने भाग लिया।

अलवर शहर के एसएमडी स्कूल में करीब 300 बालिकाओं ने सूर्य नमस्कार किया। इस दौरान बालिकाओं ने संगीतमय सुरों के साथ सूर्य नमस्कार किया। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी व प्राचार्य सीमा शर्मा सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। प्राचार्य ने बताया कि सूर्य नमस्कार के माध्यम से न केवल हम शरीर को स्वस्थ रख पाते हैं बल्कि पढ़ाई के प्रति हमारी एकाग्रता भी बढ़ती है जो जीवन को सर्वांगीण विकास की ओर ले जाती है। इसके साथ ही शहर के नवीन स्कूल में भी सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम हुआ।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बहादुरपुर के प्रार्थना स्थल पर सूर्य सप्तमी के अवसर पर आयोजित होने वाला सूर्य नमस्कार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सूर्य नमस्कार के सभी 12 आयामों को बारी-बारी से पांच बार दोहराव किया गया। इससे पूर्व 10 मिनट का पूर्व अभ्यास सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन के बाद 10 मिनट इसके सकारात्मक पहलुओं पर प्रधानाचार्य मेहताब सिंह चौधरी ने प्रकाश डाला। कार्यक्रम का सफल संचालन शारीरिक शिक्षक राजेंद्र वर्मा एवं वरिष्ठ अध्यापक भगवान सहाय सैनी ने किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जाजोर, किशनगढ़बास में सुबह विद्यालय प्रांगण में समस्त छात्र-छात्राओं, विद्यालय स्टाफ, एसएमसी सदस्यों एवं मिड-डे मील वर्कर्स ने सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया।प्रधानाचार्य हरिराम जाटव ने बताया कि पूरे नोडल क्षेत्र के 4 विद्यालयों में 537 छात्र-छात्राओं, विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामवासियों ने सूर्य नमस्कार में भाग लिया।