Aapka Rajasthan

Alwar महाशिवरात्रि से पहले निकली कलश यात्रा, बांटे गए पौधे

 
Alwar महाशिवरात्रि से पहले निकली कलश यात्रा, बांटे गए पौधे
अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर  महाशिवरात्रि का पर्व 8 मार्च को श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। रविवार से शहर के शिव मंदिरों में धार्मिक आयोजनों की शुरुआत हुई। मन्नी का बड़ एकलिंग महादेव मंदिर में शिव विवाह महोत्सव के तहत रविवार को कलश यात्रा और शोभायात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा सुबह 10 बजे पुराना कटला राधाकिशन मंदिर से बैंडबाजे के साथ रवाना हुई। शिवजी और एकलिंग महादेव की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर के महंत पुष्कर नारायण द्विवेदी ने बताया कि शोभायात्रा को महापौर घनश्याम गुर्जर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मन्नी का बड़ पर एकलिंग महादेव मंदिर पहुंची। जहां दोपहर में शिव महापुराण की कथा का वाचन पं. भारत भूषण ने किया।

शिवजी का निकला बिंदौरा, मेंहदी की हुई रस्म : इधर. त्रिपोलेश्वर शिव शक्ति सेवा समिति की ओर से नवदिवसीय कार्यक्रमों के तहत रविवार को पौधों का निशुल्क वितरण किया गया। समिति अध्यक्ष महंत जितेंद्र खेड़ापति ने बताया कि समिति की ओर से जनकल्याण की भावना से 1000 बिल्व पत्र के पौधों का निशुल्क वितरण किया। रात्रि को बाबा का बिंदौरा निकाला गया जो कि देर रात त्रिपोलिया महादेव पहुंचा। जहां महिला भक्तों ने मेहंदी की रस्म की गई। चार मार्च को कलश यात्रा सुभाष चौक पुराना कटला से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार से होती हुई कथा स्थल राजर्षि अभय समाज पहुंचेगी। जहां 4 से 6 मार्च पशुपतिनाथ की कथा होगी। कथा वाचन आचार्य दीपक अवस्थी करेंगे। सोमवार को त्रिपोलिया महादेव मंदिर में बाबा पशुपति नाथ की झांकी के दर्शन होंगे।