Aapka Rajasthan

राजस्थान में पर्ची सरकार कहने वालों के पैरों के नीचे से खिसकी जमीन, CM ने डोटासरा को दिया करारा जवाब

 
राजस्थान में पर्ची सरकार कहने वालों के पैरों के नीचे से खिसकी जमीन, CM ने डोटासरा को दिया करारा जवाब

अलवर न्यूज़ डेस्क, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को जमकर घेरा। इसमें उन्होंने डोटासरा की ओर से बार-बार पर्ची सरकार को लेकर किए जा रहे हमले को लेकर करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा की पर्ची का मुख्यमंत्री बताने वालों की अब जमीन खिसक रही है। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि राजस्थान में पर्ची का मुख्यमंत्री है। मैं उनको कहना चाहता हूं कि आप 200 लोगों की मीटिंग बुलाते हो तो, 50 ही आते हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी।

कांग्रेस ने झूठे वादे किए: भजनलाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को अलवर के बड़ौदा मेव में ईआरसीपी आभार सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को जमकर आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता से झूठे वादे किए। गरीबी मिटाने का झूठा वादा किया। लेकिन कांग्रेस ने ऐसा कोई काम नहीं किया। जिससे गरीबी मिटी हो। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर भी जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। लेकिन यह तो बता दो कि, भारत कहां से टूट रहा है। जो भारत को जोड़ रहे हो। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि आपने भारत तोड़ने का काम आजाद देश से पहले किया है। देश में आतंकवाद और भ्रष्टाचार का बढ़ाने का काम किया है।

गजेंद्र सिंह ने कहा भजन लाल का पगफेरा अच्छा है

आभार सभा में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कहते हैं कि शादी के बाद दुल्हन का पगफेरा अच्छा हो तो परिवार में खुशियां आती है। ऐसे ही राजस्थान के लिए भजनलाल का पगफेरा अच्छा है। उनके आने से राजस्थान और मध्य प्रदेश सरकार के बीच ईआरसीपी योजना को लेकर एमओयू हो गया और योजना को हरी झंडी मिल गई। जबकि कांग्रेस सरकार ने इस योजना को लटका रखा था।