Aapka Rajasthan

Alwar में बीजेपी के भूपेंद्र यादव के सामने यादव को ही उतारने की संभावना

 
Alwar  में बीजेपी के भूपेंद्र यादव के सामने यादव को ही उतारने की संभावना

अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर लोकसभा सीट पर बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रत्याशी बनाया है। अभी कांग्रेस का प्रत्याशी के नाम की घोषणा होना बाकी है। वहीं भूपेंद्र यादव 6 मार्च से जनता के बीच अपना प्रचार शुरू कर देंगे। जानकारों का कहना है कि विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस के कुछ सीटों पर देरी से प्रत्याशी घोषित किए थे। अलवर शहर से सबसे आखिरी में टिकट दिया गया था। यहां करीब 9 हजार वोट से हार- जीत का अंतर रहा, जो बहुत अधिक नहीं है। विधानसभा के परिणाम आने के बाद पार्टी के नेता ही यह कहते रहे कि टिकट घोषित करने में देरी नहीं होती तो चुनाव जीता जा सकता था। ऐसा ही कठूमर में हुआ। जहां से पार्टी की प्रत्याशी केवल 409 वोट से हारी है। अब फिर बीजेपी चुनाव लड़ने की तैयारी में पिछड़ रही है। जब तक प्रत्याशी घोषित नहीं होगा तब तक जनता के रुख का भी पता नहीं चलेगा।

कांग्रेस के सामने है चुनौती

बीजेपी प्रत्याशी भूपेंद्र यादव केंद्रीय मंत्री हैं। बीजेपी के बड़े नेताओं के करीबी हैं। उनके सामने कांग्रेस को मजबूत प्रत्याशी उतारना होगा। इसी गणित में कांग्रेस की मशक्कत जारी है। वैस पार्टी के सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस भी किसी यादव प्रत्याशी को घोषित कर सकती है। यादवों में कांग्रेस के पास मुख्य चेहरों में तीन नाम हैं। वरिष्ठ नेता डॉ.करण सिंह यादव, पूर्व विधायक संदीप यादव व मुंडावर विधायक ललित यादव हैं।

सबसे मजबूत ललित और डॉ. करण सिंह

कांग्रेस के नेता हो या आमजन। हर कोई कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में डॉ. करण सिंह और ललित यादव को ही मजबूत मानते हैं। असल में डॉ.करण सिंह की छवि सबसे अच्छी है लेकिन विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पर सवाल उठाए थे। उस कारण उनके नाम पर विचार कम हो सकता है। ललित यादव अलवर जिले में सबसे अधिक वोट से जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। उनके पास युवाओं की टीम है। यादव बेल्ट से आते हैं। स्थानीय नेता हैं। इन सब कारणों से मजबूती है।

बीजेपी पार्टी ऑफिस देख रही

बीजेपी प्रत्याशी का ऑफिस जल्द खुल सकता है। पार्टी के नेता ऑफिस के लिए जगह ढूंढ़ने में लगे हैं। जबकि कांग्रेस अभी प्रत्याशी घोषित नहीं कर सकी है। कल से पार्टी के प्रत्याशी का प्रचार शुरू हो जाएगा। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ने अलवर के नेता व कार्यकर्ताओं के साथ शुरूआती रणनीति भी बना दी है।

विधानसभा में कांग्रेस की सीट ज्यादा

अलवर लोकसभा क्षेत्र में 8 विधानसभा सीट आती हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 8 में से 5 सीट जीती हैं। जबकि बीजेपी को तीन सीट मिली। अलवर शहर, बहरोड़ व तिजारा से बीजेपी प्रत्याशी जीते हैं और अलवर ग्रामीण, मुंडावर, किशनगढ़बास, रामगढ़ व राजगढ़ से कांग्रेस के प्रत्याशी जीते हैं। लेकिन पिछली बार के लोकसभा के चुनाव के परिणाम को देखें तो राजगढ़ के अलावा सब जगहों से बीजेपी ने चुनाव जीता था। इसलिए लोकसभा के चुनाव में बीजेपी की मजबूती रही है।